DniNews.Live

वीरांगना अवंतीबाई लोधी बलिदान दिवस पर शोभायात्रा:लोधी समाज के नेताओं ने दिखाई एकजुटता, विधायक ब्रजभूषण भी शामिल हुए

कन्नौज के तिर्वा में वीरांगना अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें चरखारी, औरैया और कन्नौज के लोधी समाज के नेताओं व विधायकों ने एकजुटता दिखाई और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। स्वतंत्रता संग्राम की महानायिका अवंतीबाई लोधी के 169वें बलिदान दिवस पर शोभायात्रा का शुभारंभ गिरिशानंद महाविद्यालय से हुआ। ये यात्रा औरैया-कन्नौज रोड पर होती हुई इंदरगढ़ तिराहा स्थित प्रतिमा स्थल तक पहुंची। इस शोभायात्रा में चरखारी से भाजपा के चर्चित विधायक ब्रजभूषण उर्फ गुड्डू राजपूत शामिल हुए। इसके अलावा औरैया के विधूना से विधायक रेखा वर्मा, तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, तिर्वा ब्लॉक प्रमुख अजय वर्मा, जगदीश नारायण राजपूत, अनुराधा राजपूत, अन्नपूर्णा राजपूत, राजकुमारी राजपूत, श्रीदेवी, रेखा राजपूत, प्रभात उर्फ लालू वर्मा, नगर पंचायत तिर्वा प्रतिनिधि सौरव गुप्ता, क्षेत्रीय मंत्री नरेंद्र राजपूत, श्यामू राजपूत, आयुष गुप्ता, पंकज राजपूत ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। अवंतीबाई नगर मोहल्ले के रहने वाले पिंटू राजपूत की 8 वर्षीय बेटी करिश्मा इस दौरान अवंतीबाई लोधी के रूप में नजर आई। यहां अवंतीबाई के नाम के झंडा, बैनर और टोपी लिए सैकड़ों युवा गाजे-बाजे के साथ थिरकते नजर आए। कार्यकम स्थल पर चरखारी से भाजपा के विधायक ब्रजभूषण उर्फ गुड्डू राजपूत से मिलने और सेल्फी लेने के लिए युवा उतावले नजर आए। यहां चरखारी विधायक ने पत्रकारों से बातचीत की। गैस किल्लत के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहाकि दो देशों के बीच युद्ध से सप्लाई प्रभावित हुई है। इसके बावजूद सरकार व्यवस्थाओं को बनाए रखने का प्रयास कर रही है। लेकिन विपक्षी दलों सपा और कांग्रेस के नेता इस तरह से प्रदर्शन कर रहे, जैसे कि प्रधानमंत्री मोदी की वजह से दिक्कत हो या फिर युद्ध भी मोदी ने ही करवा दिया हो। उन्होंने कहाकि चाहें कोरोना जैसी घातक बीमारी का समय हो या फिर गैस किल्लत। हमेशा प्रधानमंत्री मोदी ने देश को समस्याओं से उबारने का काम किया है। वह आपदा में अवसर की बात कहते हैं और कोई न कोई उपाय निकाल लेते हैं। सबका साथ-सबका विश्वास के साथ सरकार काम कर रही है और आने वाले समय मे एक बार फिर यूपी में भाजपा की सरकार बनेगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *