विश्व हिंदू महासंघ की उत्तर प्रदेश जिला इकाई ने कासगंज जिले में ‘वंदे मातरम् चौक’ के निर्माण की मांग की है। इस संबंध में संगठन ने रविवार को जिला कलेक्ट्रेट पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। यह मांग वंदे मातरम् गीत की 151वीं वर्षगांठ और 23 मार्च को शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस के अवसर पर उठाई गई। विश्व हिंदू महासंघ के जिला महासचिव पंकज मिश्रा ने ज्ञापन में बताया कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस गीत ने स्वतंत्रता सेनानियों के मन में ऐसी श्रद्धा भरी कि वे हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूम लिए। आज भी वंदे मातरम् के उद्घोष से देश में अद्भुत ऊर्जा, देशभक्ति और समर्पण का भाव उत्पन्न होता है। महासंघ का मानना है कि यदि कोई देशी या विदेशी शक्ति कभी भारत की संप्रभुता को चुनौती देती है, तो ‘वंदे मातरम् चौक’ से ही ‘भारत माता की जय’ का ऐसा शंखनाद होगा कि विरोधियों को कहीं ठिकाना नहीं मिलेगा। संगठन ने इसी कारण हर जिले में ‘वंदे मातरम् चौक’ का निर्माण आवश्यक बताया है। विश्व हिंदू महासंघ की जिला इकाई ने प्रस्तावित चौक पर जिले के चित्र, तिरंगा ध्वज, यातायात संकेत, भारत माता के चित्र और वंदे मातरम् के प्रेरक उद्धरण लगाने का प्रस्ताव दिया है। संगठन ने जिलाधिकारी से शहर के एक व्यस्ततम चौक का नाम ‘वंदे मातरम् चौक’ घोषित करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply