19 दिन से लापता विवाहिता की सड़ी-गली लाश मिली है। लाश में कीड़े लग चुके थे। काफी बदबू आ रही थी। महिला की हत्या कर ससुराल वालों ने नदी किनारे शव फेंक दिया था। मायके वालों से महिला की आखिरी बार बात 10 नंवबर को हुई थी। अगले दिन पति ने मायके वालों से कहा कि आपकी बेटी भाग गई है। उसका पता नहीं चल रहा। 6 दिन बाद पति ने मृतका के मां-पिता से कहा कि उसने आत्महत्या कर ली। हमने उसका अंतिम संस्कार कर दिया है। जिसके बाद विवाहिता के परिजन को मामला संदिग्ध लगने लगा। उनलोगों ने 18 नवंबर को सिंघौल थाना में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने 30 नवंबर को मृतका के चचेरे ससुर रणधीर महतो को गिरफ्तार किया। 1 दिसंबर को निशानदेही पर महिला की लाश मिली। फिलहाल पति सहित ससुराल के बाकी लोग फरार हैं। वहीं, दूसरी तरफ विवाहिता के डेढ़ साल के बच्चे का भी नहीं पता है। विवाहिता का ससुराल बेगूसराय में है, दरभंगा में 2 नवंबर को पोस्टमॉर्टम हुआ। छठ से पहले देवर मायके से लाया था मृतका निशा (22) पटना की रहने वाली थी। जिसकी शादी 2023 में बेगूसराय के रोहित कुमार से हुई थी। शादी के बाद ससुराल वाले दहेज के लिए दबाव बनाने लगे। उनलोगों की बाइक की भी डिमांड थी। तीन महीने पहले इसी विवाद में निशा मायके चली गई थी। छठ के 2 दिन पहले देवर निशा को ससुराल लेकर पहुंचा था। दामाद और उसके घर वाले प्रताड़ित करते थे निशा के पिता मुखराम चौहान ने बताया ‘शादी में सोना, चांदी, फर्नीचर और पैसे सब दिए, सिर्फ बुलेट बाइक देना बाकी रह गया था। दामाद और उसके घरवाले बेटी को प्रताड़ित करते थे, कई बार मारपीट कर घर भेज देते थे। दामाद का भाई नीतीश कुमार भी हिंसक है, वह रोहित को उकसाता था। रोहित शराब पीता था और देसी शराब का कारोबार भी करता था। ससुर रामनाथ महतो ने पहले भी नशे की हालत में मारपीट की थी। 7 कट्ठा जमीन बेचकर बेटी की शादी की थी निशा के पिता ने कहा कि हम गरीब लोग हैं। 7 कट्ठा जमीन बेचकर बेटी की शादी की थी। अब हमारी बेटी को निर्दयता से मारकर गंगा में फेंक दिया। सरकार और प्रशासन से न्याय चाहिए। सभी आरोपियों को सख्त सजा मिले और हमारे लापता नाती को खोजा जाए। रणधीर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य आरोपियों का भी पता लगा रही है। सभी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में और धाराएं जोड़ने की तैयारी है। मामले में दामाद रोहित कुमार, ससुर रामनाथ महतो, सास, देवर, चचेरा ससुर रणधीर महतो को नामजद किया गया है।
https://ift.tt/TPYfu5l
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply