विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत, ससुराली फरार:मैनपुरी जिला अस्पताल में मिला शव, 5 साल पहले हुई थी शादी; पति से होता था विवाद
![]()
विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत, ससुराली फरार:मैनपुरी जिला अस्पताल में मिला शव, 5 साल पहले हुई थी शादी; पति से होता था विवाद
मैनपुरी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। 26 वर्षीय प्रीति, जो शिवकुमार की पत्नी और ग्राम दरवाह, थाना दन्नाहार की निवासी थीं, उसका शव जिला अस्पताल में मिला है। मायका पक्ष ने आरोप लगाया है कि ससुराल वाले शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग फिरोजाबाद से मैनपुरी पहुंचे। मृतका के भाई प्रवीण कुमार ने बताया कि उनकी बहन की शादी साल 2021 में हुई थी। शादी में करीब 5 लाख रुपये नकद और दान-दहेज दिया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे, हालांकि दो बार समझौता भी कराया गया था। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह उन्हें मनोज नामक व्यक्ति से सूचना मिली कि प्रीति की मौत हो गई है और उनका शव जिला अस्पताल में रखा हुआ है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तो वहां ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को मिली सूचना सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी संतोष कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से उन्हें सूचना मिली थी कि दरवाह गांव में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां शव नहीं मिला। बाद में पता चला कि शव को जिला अस्पताल ले जाया गया है। सीओ सिटी ने आगे बताया कि महिला का पोस्टमार्टम पैनल द्वारा और सीसीटीवी निगरानी में कराया जा रहा है। प्रथम दृष्टया यह मामला पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी कुछ भी स्पष्ट कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
