काकादेव में वियतनाम भेजने के नाम पर ट्रैवल एजेंट ने फर्जी एयर टिकट थमाकर 1.80 लाख रुपए हड़प लिए। वापस लौटने पर जब पीड़ित ने अपने रुपए मांगे तो गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई, जिसके बाद काकादेव थाने में ट्रैवल्स एजेंट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। दिसंबर 2025 को पीड़ित ने किया था भुगतान काकादेव के कृष्णापुरी निवासी नितेश द्विवेदी ने पत्नी और बच्चे के साथ वियतनाम जाने की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने शास्त्री नगर चौराहा स्थित वेस्ट इंडिया हॉलिडेज और बाबा ट्रैवल्स के संचालक राहुल द्विवेदी से संपर्क किया। इस पर उसने आने-जाने के तीन टिकट 1.80 लाख रुपए में तय किए, जिसका नितेश ने 19 दिसंबर 2025 को भुगतान किया। बाद में आरोपी ने ई-टिकट उपलब्ध कराए और यात्रा को लेकर आश्वस्त किया। पीड़ित परिवार 17 मार्च 2026 को नई दिल्ली पहुंचा, लेकिन एयरलाइंस से पूछताछ में पता चला कि सभी टिकट पूरी तरह फर्जी हैं और सिस्टम में उनका कोई रिकार्ड नहीं है। इस पर उन्होंने नितेश से शिकायत की तो उसने वीजा प्रक्रिया का बहाना बनाकर टरका दिया। जिससे पीड़ित परिवार तीन दिन तक दिल्ली में फंसा रहा और 20 मार्च को मजबूरी में वापस लौटना पड़ा। इस पर नितेश ने जब राहुल से रुपये लौटाने को कहा तो उसने इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। एसीपी स्वरूप नगर शिखर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकाने में रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply