अमरोहा जनपद की नौगावां सादात विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक चौधरी समरपाल सिंह ने अपने चार साल के कार्यकाल को लेकर दैनिक भास्कर से खास बातचीत की। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के विधायकों को पर्याप्त संसाधन नहीं दिए जाते, फिर भी उन्होंने सीमित साधनों में क्षेत्र में विकास कार्य कराए हैं। सवाल: पिछले 4 साल के अपने कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे? जवाब: हम अपने आपको नंबर नहीं देंगे, इसका फैसला जनता करेगी। वर्तमान सरकार में कई योजनाएं ठप पड़ी हैं। हमने अपनी विधायक निधि से छोटे-छोटे विकास कार्य कराए हैं। सिरसा खुमार गांव में करीब 2 करोड़ रुपये का काम कराया। सरकार विपक्ष के विधायकों को कम और भाजपा विधायकों को ज्यादा फंड देती है। लेकिन इसके बावजूद हमने काम किया है। सवाल: सबसे बड़ा काम आपने कौन सा कराया? जवाब: हमने क्षेत्र में बड़ी संख्या में सड़कें बनवाईं और गांवों में बिजली की व्यवस्था मजबूत की। मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों और प्रमुख चौराहों पर लाइटें लगवाईं, जिससे लोगों को काफी सुविधा मिली है। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जो आप नहीं करा पाए? जवाब: हमारा सपना कैलासा ओवरब्रिज बनवाने का था, लेकिन यह बड़ा प्रोजेक्ट होने के कारण अभी तक पूरा नहीं हो पाया। इसके अलावा हमने विधानसभा में यह मुद्दा उठाया कि सभी को मुफ्त दवाई मिले और सरकारी डॉक्टर प्राइवेट प्रैक्टिस न करें। सवाल: क्या इस बार भी आप टिकट के दावेदार हैं? जवाब: हम समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। अगर जनता कहेगी तो चुनाव लड़ेंगे और आशीर्वाद लेने जाएंगे। सवाल: क्या आपको इस बार टिकट मिलेगा? जवाब: यह निर्णय अखिलेश यादव और पार्टी नेतृत्व का होगा। पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाएगी, हम उसका समर्थन करेंगे। सवाल: स्वास्थ्य क्षेत्र में आपने क्या काम किए? जवाब: हमने घोसीपुरा में पशु चिकित्सालय बनवाया और कई गांवों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बनवाए। दो अस्पताल स्वीकृत कराए हैं। साथ ही विधानसभा में यह मुद्दा उठाया कि कैंसर अस्पताल, जो पहले से बना है, उसमें डॉक्टरों की नियुक्ति हो। किसानों के हित में भी हमने खतरनाक दवाओं पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई, क्योंकि उनका स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है।

Leave a Reply