DniNews.Live

विधायक हाकिम बोले- सूत समेत जनता को ब्याज देंगे:हंडिया में कई काम न करा पाने का दर्द, टेला से बिठौली रोड नहीं बन पा रही

प्रयागराज की हंडिया विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक हाकिम लाल बिंद का कहना है कि वह अपने कार्यकाल में कई काम चाहकर भी नहीं करा सके, जिसका उन्हें दर्द है। 9 साल से विधायक होने के बावजूद सरकार में न होने की वजह से कई योजनाएं अटकी रहीं। हालांकि, उनका दावा है कि उन्होंने क्षेत्र में सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं पर काम किया है। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने अपने कामकाज, अधूरे प्रोजेक्ट और 2027 चुनाव को लेकर खुलकर बात की। पढ़िए सवाल-जवाब… सवाल: अपने 4 साल के कार्यकाल को 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: कोई भी नेता अपने काम के लिए कम नंबर नहीं देगा। मैं अपने काम को 100 में 100 नंबर देता हूं, क्योंकि मैंने पूरी ईमानदारी से काम किया है। सवाल: आपने अपने कार्यकाल में कौन से महत्वपूर्ण काम कराए?
जवाब: 2017 से 2022 के बीच और उसके बाद भी हमने करीब 6 से 7 करोड़ रुपये की सड़कों का निर्माण कराया। खासतौर पर पिछड़े, गरीब और वंचित इलाकों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी। सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया और विकास कार्यों को हर वर्ग तक पहुंचाने की कोशिश की। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जिसे आप नहीं करा पाए और जिसका आपको मलाल है?
जवाब: हमारी विधानसभा में टेला से बिठौली मार्ग एक बड़ी समस्या है। यह सड़क टेला से बरौत होते हुए बिठौली तक जाती है, लेकिन इसकी हालत बहुत खराब है। 2021 में इस सड़क की स्वीकृति भी मिल गई थी, लेकिन सरकार की ओर से वित्तीय मंजूरी नहीं मिली। हम विपक्ष के विधायक हैं, इसलिए हमारी बात नहीं सुनी जाती। यही वजह है कि यह काम अब तक नहीं हो पाया और इसका हमें मलाल है। सवाल: क्या इस बार भी आप टिकट के दावेदार हैं?
जवाब: बिल्कुल, 100 प्रतिशत मैं टिकट का दावेदार हूं। मिलेगा, क्यों नहीं मिलेगा। सवाल: 2027 विधानसभा चुनाव के लिए आपकी क्या रणनीति है?
जवाब: हम 2012 से 2017 तक अखिलेश यादव की सरकार के कामों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। उस समय कन्या विद्याधन, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन और समाजवादी पेंशन जैसी कई योजनाएं चलाई गई थीं। हम उसी विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ेंगे। सवाल: अगर जनता आपको फिर मौका देती है तो क्या करेंगे?
जवाब: अगर जनता ने दोबारा मौका दिया और हमारी सरकार बनी तो हम इतना काम करेंगे कि “सूत समेत ब्याज” जनता को लौटा देंगे। सवाल: प्रदेश की मौजूदा सरकार के कामकाज को कैसे देखते हैं?
जवाब: मौजूदा सरकार हर मुद्दे पर फेल है। शिक्षा, कानून व्यवस्था और रोजगार हर क्षेत्र में स्थिति खराब है। नौजवान रोजगार के लिए भटक रहा है और उसकी आवाज उठाने पर उसे दबाया जा रहा है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *