DniNews.Live

विधायक रितेश गुप्ता बोले-यूनिवर्सिटी की 40 साल पुरानी मांग पूरी:मुरादाबाद को जल्द सरकारी मेडिकल कॉलेज भी मिलेगा, 2027 में फिर जनता आशीर्वाद देगी

मुरादाबाद नगर सीट से भाजपा विधायक रितेश गुप्ता ने सरकारी विश्वविद्यालय की स्थापना को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना था, उस पर वे 100 फीसदी खरे उतरे हैं। 2022 में लगातार दूसरी बार विधायक बने रितेश गुप्ता ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि 2027 के चुनाव से पहले मुरादाबाद में सरकारी मेडिकल कॉलेज का सपना भी साकार होगा। रितेश गुप्ता ने कहा कि उन्होंने हमेशा पार्टी का झंडा ऊंचा रखा है। उन्हें भरोसा है कि 2027 में पार्टी नेतृत्व और जनता का आशीर्वाद फिर मिलेगा और वे दोबारा जीतकर विधायक बनेंगे। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में विधायक रितेश गुप्ता ने बेबाकी से सवालों के जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: पिछले 4 साल के अपने कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: मेरे चार साल के कार्यकाल को नंबर देने का अधिकार जनता को है। मैं अपने कामकाज को लेकर जनता के बीच जाऊंगा। जनता ने जिस काम के लिए चुना, उसे मैंने पूरी ईमानदारी से किया है। मुझे विश्वास है कि जनता का प्यार और आशीर्वाद मेरे साथ है। सवाल: सबसे बड़ा काम आपने कौन सा कराया?
जवाब: मुरादाबाद कमिश्नरी को बने करीब 45 साल हो चुके हैं। तभी से सरकारी यूनिवर्सिटी और मेडिकल कॉलेज की मांग चली आ रही थी। मैं यूनिवर्सिटी लाने में सफल रहा हूं। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने 40 साल पुरानी मांग को पूरा किया। सवाल: ऐसा कौन सा काम है, जो आप नहीं करा पाए?
जवाब: यहां सरकारी मेडिकल कॉलेज की जरूरत है। इसके लिए मैं लगातार प्रयास कर रहा हूं। मुख्यमंत्री से कई बार मिल चुका हूं और लिखित में भी अनुरोध कर चुका हूं। उन्होंने इस पर सहमति दी है। मुझे पूरा विश्वास है कि चुनाव से पहले मेडिकल कॉलेज भी मिल जाएगा। सवाल: क्या इस बार भी आप टिकट के दावेदार हैं?
जवाब: टिकट का फैसला प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व करता है, लेकिन मुझे हमेशा जनता का प्यार मिला है। मैं 35 साल से भाजपा का कार्यकर्ता हूं। 7 साल महानगर अध्यक्ष रहा और पिछले 9 साल से विधायक हूं। मुझे उम्मीद है कि पार्टी नेतृत्व का आशीर्वाद मिलेगा। सवाल: क्या आपको इस बार टिकट मिलेगा?
जवाब: मैंने ऐसा कोई काम नहीं किया जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचे। हमेशा भाजपा का झंडा ऊंचा रखने का काम किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी ईमानदारी से जनता की सेवा की है। जनता का पूरा समर्थन मेरे साथ है, इसलिए मुझे विश्वास है कि पार्टी टिकट भी मिलेगा और मैं चुनाव जीतकर फिर विधायक बनूंगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *