बिजनौर की नगीना सुरक्षित विधानसभा सीट से सपा विधायक मनोज पारस ने कहा कि उन्होंने कभी खुद को विधायक नहीं समझा, बल्कि हमेशा जनता का सेवक माना। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र में व्यापक विकास हुआ है और जनता ने इसी भरोसे उन्हें लगातार तीसरी बार जिताया। दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने विधायक से खास बातचीत की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: आप लगातार तीन बार विधायक हैं, कौन-कौन से बड़े विकास कार्य कराए?
जवाब: हम विपक्ष के विधायक हैं, ऐसे में सरकार से काम कराना आसान नहीं होता। फिर भी क्षेत्र की जनता का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे तीसरी बार मौका दिया। सबसे बड़ी समस्या बिजली की थी, जिसे हैंडीक्राफ्ट कारोबारियों के हिसाब से ठीक कराया गया। अब उन्हें तय समय पर बिजली मिलती है। सड़क निर्माण में भी कई काम हुए। मंडावर-किरतपुर मार्ग, नगीना-किरतपुर रोड का चौड़ीकरण, गढ़ी तक सड़क बन चुकी है और आगे का काम जल्द होगा। इसके अलावा गोविंदपुर-नगीना, कसौर-किरतपुर, दूधला गांव और भरेकी-मिठारी तक कई सड़कें स्वीकृत कराई गईं। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करते हुए अस्पताल में एक्स-रे मशीन और डॉक्टरों की व्यवस्था कराई गई। अब लेडी और जेंट्स डॉक्टर दोनों उपलब्ध हैं। सवाल: कौन से बड़े काम अभी अधूरे हैं?
जवाब: क्षेत्र में रोजगार के लिए कताई मिल को चालू कराना या नई इंडस्ट्री लगाना जरूरी है। इसके अलावा किरतपुर क्षेत्र में बच्चों के लिए स्टेडियम बनना भी एक बड़ी जरूरत है। इन दोनों मुद्दों पर लगातार प्रयास कर रहा हूं। सवाल: अपने काम को 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: अगर मैं खुद को नंबर दूं तो 10 में से 10 ही दूंगा, लेकिन असली हक जनता का है। वही तय करेगी कि मैं कितना सफल रहा। सवाल: ऐसा क्या किया कि जनता आपको लगातार चुन रही है?
जवाब: मैं अपनी जनता का बहुत आभारी हूं। मैंने खुद को कभी विधायक नहीं समझा, हमेशा एक आम आदमी की तरह लोगों के बीच रहा। मेरे घर के दरवाजे 24 घंटे जनता के लिए खुले रहते हैं। हर कॉल उठाने और समस्याओं का समाधान करने की कोशिश करता हूं। मुझे विश्वास है कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।

Leave a Reply