DniNews.Live

विधायक तेजपाल नागर बोले-2027 में सबसे बड़ी जीत हासिल करूंगा:‘उत्तम दादरी’ बनाने का लक्ष्य, शिक्षा-स्वास्थ्य और सड़कों पर बेहतर काम किया

गौतमबुद्ध नगर की दादरी विधानसभा से भाजपा विधायक तेजपाल नागर का कहना है कि जैसे उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बन रहा है, उसी तरह वह अपनी विधानसभा को ‘उत्तम दादरी’ बनाना चाहते हैं। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं पर तेजी से काम कराया गया है। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने अपने चार साल के कार्यकाल, बड़े प्रोजेक्ट और 2027 के चुनाव को लेकर खुलकर बात की। पढ़िए सवाल-जवाब… सवाल- आप अपने काम के लिए खुद को 10 में से कितने नंबर देंगे? जवाब- मुझे लगता है कि मैं अपने काम के लिए 10 में से 10 नंबर दूंगा। सांसद और विधायक के पास जो निधि आती है, उससे अलग हमने क्या अतिरिक्त काम कराया, यह महत्वपूर्ण है। हमने शिक्षा और निवेश के क्षेत्र में अतिरिक्त काम किए हैं, जो दादरी के विकास के लिए जरूरी थे। सवाल- ऐसा कौन सा सबसे बड़ा काम है, जो आपने दादरी विधानसभा में कराया? जवाब- शिक्षा के क्षेत्र में दादरी में राजकीय डिग्री कॉलेज स्वीकृत कराया है। इसे ऐसे स्थान पर बनवाया जा रहा है, जहां बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ता था। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण होगा, प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द काम शुरू होगा। इसके अलावा दो इंटर कॉलेज भी स्वीकृत कराए गए हैं, जिनमें से एक दादरी में शुरू हो चुका है। दूसरा मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा, जिसमें आधुनिक प्रयोगशालाएं होंगी। खेल को बढ़ावा देने के लिए 35 बीघा में एक बड़ा खेल मैदान भी बनाया जाएगा। साथ ही 25 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की स्वीकृति मिली है, जिसमें नई तकनीकी शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दादरी क्षेत्र किसान बहुल है, लेकिन जमीन के अधिग्रहण के कारण भविष्य में किसानों के सामने रोजगार का संकट हो सकता है। इसलिए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं और यहां आने वाली कंपनियों में स्थानीय युवाओं को 40 प्रतिशत तक रोजगार दिलाने का प्रयास है। सवाल- कौन सा ऐसा काम है जो जरूरी है, लेकिन अभी नहीं हो पाया? जवाब- स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने की जरूरत है। इसके लिए 100 बेड का अस्पताल स्वीकृत कराया गया है, जिस पर 80 से 100 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती होगी। इसके अलावा 50 बेड का अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी तैयार किया जा चुका है, जिससे लोगों को इलाज की बेहतर सुविधा मिलेगी। सवाल- 2027 में क्या लगता है, किसकी दावेदारी रहेगी? जवाब- दावेदारी तो सभी लोग करेंगे, हम भी करेंगे। अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व का होता है। अगर पार्टी मुझे दोबारा मौका देती है तो मुझे विश्वास है कि दादरी में किए गए शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के विकास के आधार पर प्रदेश की सबसे बड़ी जीतों में मेरा नाम शामिल होगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *