प्रयागराज की सोरांव विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की विधायक गीता पासी अपने कार्यकाल में किए गए कामों को लेकर संतुष्ट नजर आती हैं। उनका कहना है कि उन्होंने हर समाज के महापुरुषों के सम्मान में बड़े-बड़े बोर्ड लगवाए, जिसे वे अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि मानती हैं। हालांकि, किसानों से जुड़े कुछ काम अभी भी अधूरे हैं। उन्होंने कहा- किसानों के काम सरकार रोक रही है। सोरांव में नाले की समस्या अभी दूर नहीं हुई। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने अपने कामकाज, अधूरे प्रोजेक्ट और 2027 चुनाव को लेकर खुलकर बात की। पढ़िए सवाल-जवाब… सवाल: अपने कामकाज को 10 में से कितने नंबर देंगी?
जवाब: मैं अपने काम को 10 में से 10 नंबर दूंगी। मैंने काफी काम किया है। सबसे ज्यादा ध्यान सड़कों और लाइटों पर दिया है। इसके अलावा हर समाज के महापुरुषों के बड़े-बड़े बोर्ड लगवाए हैं। अगर सर्वे कराया जाए तो हर समाज का प्रतिनिधित्व दिखेगा। सवाल: पिछले चार सालों में आपका सबसे बड़ा काम क्या रहा?
जवाब: सबसे बड़ा काम महापुरुषों के बोर्ड लगवाना ही है। लगभग हर सड़क और हर बस्ती में बोर्ड लगाए गए हैं। पाल बस्ती में देवी अहिल्याबाई होल्कर, दलित बस्ती में डॉ. भीमराव अंबेडकर, पासी समाज में महाराजा बिजली पासी, ऊदा देवी पासी और सुहेलदेव के बोर्ड लगाए गए। इसी तरह गौतम बुद्ध, चंद्रशेखर आज़ाद और मुस्लिम बस्ती में अब्दुल हमीद के भी बोर्ड लगवाए गए हैं। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जो अभी तक नहीं हो पाया?
जवाब: लखनपुर ग्राम सभा में एक बड़ा नाला है, जिससे किसानों को काफी परेशानी होती है। गांव और खेत अलग-अलग तरफ हैं। बारिश में नाला भर जाता है तो 3-4 किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता है। मैंने इस मुद्दे को सदन में उठाया, प्रस्ताव पास हुआ, टेंडर भी हो गया और पैसा भी स्वीकृत हो गया, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। समझ नहीं आ रहा कि सरकार की क्या दिक्कत है। सवाल: क्या इस बार भी आप चुनाव लड़ेंगी?
जवाब: बिल्कुल, मैं पूरी तरह दावेदार हूं। मुझे उम्मीद है कि पार्टी मुझे दोबारा टिकट देगी।

Leave a Reply