लखनऊ में विधानसभा और लोक भवन के हाई-सिक्योरिटी वीवीआईपी क्षेत्र में जबरन घुसकर प्रदर्शन करना युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने इस मामले में अंकित यादव समेत 16 नामजद और 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे एक राजनीतिक दल से जुड़े कार्यकर्ता बापू भवन चौराहे से बैनर-पोस्टर लेकर नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर बढ़े। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व अंकित यादव कर रहे थे। उनके साथ आशुतोष यादव, आकाश यादव, कोमल रावत, शिवांश सिंह, श्याम कृष्ण यादव, सत्यम कुमार, प्रीति यादव, रिंकी यादव, उमेश यादव, जीतू यादव, रवि प्रकाश, प्रमोद यादव, सोनू यादव, अजीत सिंह यादव, अखिलेश और शिवा यादव सहित कई लोग मौजूद थे। गेट नंबर 1, 2 और 3 पर बैठकर किया प्रदर्शन प्रदर्शनकारी विधानसभा गेट नंबर 1, 2, 3 और लोक भवन की ओर बढ़ते हुए प्रतिबंधित अर्धचंद्राकार द्वार के सामने सड़क पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सड़क जाम कर दी। समझाने पर भी नहीं माने, बढ़ी परेशानी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। इसके चलते इलाके में यातायात बाधित हो गया। स्कूली बच्चों, महिलाओं और आम राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अतिरिक्त फोर्स बुलाकर संभाली स्थिति हालात बिगड़ते देख पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया, जिसके बाद स्थिति को काबू में किया जा सका। इस मामले में चौकी इंचार्ज दारुलशफा एसआई शशिकांत सिंह की तहरीर पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply