शाहजहांपुर में वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने सांसद अरुण सागर के साथ मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। यह विद्यालय 24 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार होगा। यह मॉडल कंपोजिट विद्यालय शाहजहांपुर के भावलखेड़ा ब्लॉक स्थित मुरादगांव में बनाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के लिए शिक्षा के स्तर में सुधार करना और उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाना है। सांसद अरुण सागर ने कहा कि इस विद्यालय के बनने से क्षेत्र में शिक्षा का स्तर सुधरेगा। सांसद ने बताया कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बहुत अच्छा कार्य कर रही है और बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों तथा योजनाओं का लाभ देशवासियों तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की आरटीई योजना का भी उल्लेख किया, जिसके तहत ई-रिक्शा चालकों और मजदूर वर्ग के बच्चों को भी इंग्लिश मीडियम स्कूलों में उच्च स्तरीय शिक्षा मिल रही है। सांसद ने कहा कि अब योजनाएं बनती हैं तो उनका धरातल पर कार्य दिखने लगता है। मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 12 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। सांसद ने बताया कि पूरा कैंपस सौर ऊर्जा से युक्त होगा, जिससे बिजली की बचत होगी। उन्होंने अधिकारियों को 18 महीने के भीतर इस विद्यालय का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि एक साल पहले तिलहर में भी इसी तरह के एक मॉडल कंपोजिट विद्यालय का शिलान्यास किया जा चुका है। इस अवसर पर वित्तमंत्री सुरेश खन्ना और सांसद अरुण सागर के साथ पार्टी के कई पदाधिकारी और अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply