मिर्जापुर नगर विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार जीत हासिल करने वाले भाजपा विधायक पं. रत्नाकर मिश्र ने विंध्य कॉरिडोर, पुल निर्माण और सड़क परियोजनाओं को अपनी बड़ी उपलब्धि बताया। उनका मानना है कि मेरे कामों का मूल्यांकन जनता करेगी। दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने विधायक से खास बातचीत की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: पिछले 4 साल के अपने कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: अपने आप को कोई नंबर नहीं देता, नंबर देने का काम जनता करती है। मेरा काम जनता की सेवा करना है, मैंने क्या किया है इसका आकलन जनता करेगी। सवाल: सबसे बड़ा काम आपने कौन सा कराया?
जवाब: नगर विधानसभा क्षेत्र में आजादी के बाद पूर्व की सरकारों ने केवल शास्त्री सेतु दिया था, वह भी छोटा पुल था। लेकिन मेरे कार्यकाल में दो बड़े पक्के पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। एक रामपुर घाट पर, जिसके कई पिलर बनकर तैयार हो चुके हैं, और दूसरा सिक्स लेन पुल शिवपुर से लालगंज होते हुए गंगा पार जाएगा, जिस पर काम चल रहा है। इसके अलावा दो पीपा पुल भी बनवाए गए हैं, एक कोल्हुआ कमासिन से कंपनी घाट तक, जिससे लोगों को कचहरी पहुंचने में आसानी हुई है, और दूसरा विंध्याचल से हरसिंहपुर को जोड़ता है, जिससे श्रद्धालुओं को लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ता। सबसे बड़ी उपलब्धि विंध्य कॉरिडोर है, जो अरबों रुपये की लागत से बना है। इससे मिर्जापुर की पहचान बदल गई है। पहले मां विंध्यवासिनी संकरी गलियों में थीं, लेकिन अब विंध्याचल की अलग छवि बन चुकी है और यहां श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ी है। सवाल: क्या कोई ऐसा काम है जो आप नहीं करा पाए?
जवाब: ऐसा कोई काम नहीं है जो अधूरा रह गया हो। 2017 से अब तक जो भी कार्य मांगे गए, उन्हें पूरा कराया गया है। छानबे ब्लॉक के बबुरा अकोढ़ी में पुल निर्माण जैसे कार्य भी पूरे कराए गए हैं। मैंने ओझला पुल, त्रिमुहानी के पक्काघाट और घंटाघर के सौंदर्यीकरण की मांग की है। इससे पर्यटन और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। नटवा क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर नगर विकास मंत्री से बात हुई है और अप्रैल तक उसका समाधान होने की उम्मीद है। कालीखोह और अष्टभुजा कॉरिडोर की भी मांग की है, जिससे मिर्जापुर को “कॉरिडोर नगरी” के रूप में पहचान मिलेगी और जिले की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। सवाल: क्या इस बार भी आप टिकट के दावेदार हैं?
जवाब: पार्टी जो भी निर्णय करेगी, वह मुझे स्वीकार होगा। पार्टी ने मुझे एक कार्यकर्ता के रूप में मौका दिया, इसके लिए मैं आभारी हूं। सवाल: क्या आपको इस बार टिकट मिलने की उम्मीद है?
जवाब: यह पार्टी का निर्णय है। जो पार्टी को उचित लगेगा, वही होगा। इसमें मेरा कोई व्यक्तिगत निर्णय नहीं है।

Leave a Reply