मिर्जापुर। विंध्याचल धाम में माँ विंध्यवासिनी का वार्षिक पूजन और घटाभिषेक 3 अप्रैल को होगा। वैशाख माह कृष्ण पक्ष प्रतिपदा को होने वाले इस विशेष अनुष्ठान के दौरान आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन-पूजन साढ़े तीन घंटे बंद रहेंगे। घटाभिषेक पूजन प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक विधि-विधान से किया जाएगा। इस दौरान सर्व समाज के लोग गंगाजल से मंदिर परिसर की धुलाई करेंगे। प्रधान श्रृंगारिया शिवजी महाराज ने बताया कि दोपहर 1:30 बजे से श्रद्धालुओं के लिए पट खोल दिए जाएंगे, ताकि दूर-दराज से आए भक्त दर्शन कर सकें। घटाभिषेक के बाद डेढ़ घंटे तक माँ का श्रृंगार पूजन किया जाएगा। रात्रि में माँ विंध्यवासिनी का विशेष पूजन एवं भव्य श्रृंगार होगा, जिसमें स्थानीय लोग शामिल होते हैं। इस दौरान गंगाजल से अभिषेक करने की होड़ रहती है। श्री विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी और मंत्री भानु पाठक ने बताया कि घटाभिषेक का धार्मिक महत्व अत्यंत विशेष है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय का ध्यान रखते हुए दर्शन के लिए आएं, ताकि अनावश्यक भीड़ और असुविधा से बचा जा सके। ऐसी मान्यता है कि घटाभिषेक के दौरान विधि-विधान से की गई पूजा से माँ विंध्यवासिनी की विशेष कृपा प्राप्त होती है और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस अवसर पर विंध्याचल धाम पहुंचते हैं।

Leave a Reply