मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में चैत्र नवरात्र मेले के अवसर पर विन्ध्य महोत्सव का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश विन्ध्य धाम तीर्थ विकास परिषद के सौजन्य से आयोजित इस महोत्सव में देश-प्रदेश के जाने-माने कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ सहकारिता अध्यक्ष जगदीश पटेल और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजय कुमार सिंह ने किया। उन्होंने देवी चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम की शुरुआत भक्ति और लोक संस्कृति के रंगों से हुई। विंध्याचल के प्रसिद्ध भजन गायक रविशंकर शास्त्री ने “राम कहानी सुनो रे राम कहानी”, “माता जिनको याद करे वो लोग निराले होते हैं” और “हे शम्भू बाबा मेरे भोलेनाथ” जैसे भजनों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। अंतर्राष्ट्रीय लोक गायिका उषा गुप्ता ने भी देवी गीतों और भजनों से श्रोताओं को भाव-विभोर किया। कार्यक्रम की 9 तस्वीरें देखिए… इसके अतिरिक्त, विभिन्न कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। इनमें बबलू राम का चौलर नृत्य, पाचू पाल का नृत्य, दयाराम के देवी गीत, अर्जुन यादव का बिरहा और जटाशंकर का नृत्य शामिल थे। रूपा निषाद, सर्वेश कुमार, दीपेंद्र, नीलू कुमार (भदोही), दीनानाथ, अजय दुबे, प्रियंका पाण्डेय और डॉ. मन्नू ने भी प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। वाराणसी की सरोज वर्मा ने शास्त्रीय संगीत, शैल बाला ने लोकगायन और मुंबई की एकता श्रीमाली ने नृत्य से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। संस्कृति विभाग के पंजीकृत कलाकारों द्वारा भरतनाट्यम की मनमोहक प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र उर्फ लल्लू तिवारी और संजय श्रीवास्तव ने किया। मंचीय व्यवस्था और समस्त कार्यक्रम की देखरेख नायब तहसीलदार गरिमा, विन्ध्यधाम तीर्थ विकास परिषद के रूपेश श्रीवास्तव और अंजू मौर्या द्वारा की गई। भक्ति, संगीत और लोक संस्कृति के इस संगम ने नवरात्र मेले की रौनक को और बढ़ा दिया। देर रात तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन कार्यक्रमों का आनंद लेते रहे।

Leave a Reply