वाराणसी के प्रॉपर्टी डीलर से शहर और गोवा के जालसाजों ने मिलकर 16.62 करोड़ की ठगी कर ली। दूसरे की जमीन को अपना बताकर रजिस्ट्री कर दी फिर अंडरग्राउंड हो गए। गोवा में जमीन बिक्री के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की सच्चाई कब्जे के दौरान सामने आई। आरोपियों ने प्रॉपर्टी डीलर को कई तरह से झांसा दिया, जमीन दिखाई और फर्जी दस्तावेज भी तैयार करवाए। मामले में भेलूपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गोवा में गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को वाराणसी लाया गया, जहां रविवार को उन्हें जेल भेज दिया गया। कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं प्रॉपर्टी डीलर दुर्गाकुंड निवासी प्रॉपर्टी डीलर अनुराग कुशवाहा ने भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि वह लखनऊ के गोमती नगर निवासी अरुण कुमार गुप्ता और दिल्ली के द्वारिका निवासी गंगा प्रसाद कुशवाहा के साथ मिलकर कंस्ट्रक्शन और जमीन के कारोबार से जुड़े हैं। कुछ दिन पहले अमित कुमार सिन्हा ने फोन के माध्यम से संपर्क कर गोवा में विटोरिया जोस वेल्हो की जमीन बेचने की जानकारी दी। बताया गया कि वह कनाडा में व्यापार करता है और नुकसान के चलते जमीन बेचना चाहता है। इसके बाद तेलियाबाग स्थित कार्यालय में मुलाकात हुई और फिर गोवा के एक होटल में जमीन खरीद से संबंधित औपचारिकताएं पूरी की गईं। पैसे मांगे तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी आरोप है कि पूरी रकम देने के बाद जब जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे तो एक महिला ने उस जमीन पर अपना दावा ठोक दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी दूसरे की जमीन दिखाकर लोगों से ठगी करते हैं। जब पीड़ित ने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। भेलूपुर थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में उत्तरी गोवा के परवरिम थाना क्षेत्र स्थित बीबी बोरकर रोड निवासी प्रजय प्रसन्ना शिरोडकर और कामत रॉयल करंजलिम निवासी अमित कुमार सिन्हा शामिल हैं। अमित कुमार सिन्हा मूल रूप से देहरादून के पटेल नगर स्थित उदय विहार पीपीसीएल कॉलोनी का निवासी है। मामले में गोवा निवासी विटोरिया जोस वेल्हो, डॉ. अमित कुमार सिंह और सीए प्रमोद पटेल अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

Leave a Reply