कानपुर देहात के वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पहल तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश पर अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत यह कदम उठाया जा रहा है। जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित इस योजना के अंतर्गत जिले में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में वरिष्ठ नागरिकों को मोतियाबिंद ऑपरेशन, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, अर्थराइटिस और कैल्शियम संबंधी बीमारियों की निःशुल्क जांच व उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के प्रभावी संचालन के लिए जनपद प्रशासन ने योग्य सरकारी, गैर-सरकारी (NGOs) और स्वैच्छिक संगठनों (VOs) से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। चयनित संस्थाओं को योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र बुजुर्गों तक इसका लाभ पहुंचाया जा सके। इच्छुक संस्थाओं के लिए सोसायटी पंजीकरण अधिनियम-1860 के तहत पंजीकरण, क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के अंतर्गत पंजीकृत अस्पताल से एमओयू, NGO Darpan पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन, बैंक खाता, पैन/जीएसटी प्रमाण-पत्र और ऑडिट रिपोर्ट अनिवार्य हैं। इसके अतिरिक्त, मोतियाबिंद सर्जरी में कम से कम दो वर्ष का अनुभव और 250 सफल ऑपरेशन का रिकॉर्ड भी आवश्यक है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र संस्थाएं अपने प्रस्ताव 31 मार्च 2026 तक कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा कर दें। इससे चयन प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी होगी और बुजुर्गों को योजना का लाभ जल्द मिल सकेगा।

Leave a Reply