लखनऊ गोमती नगर स्थित लोहिया पार्क में प्रदेश का सबसे बड़ा स्केटिंग पार्क तैयार हो गया है। खास बात यह है कि इसे बेकार पड़ी वॉटर बॉडी को खत्म कर विकसित किया गया है, जहां पहले जलभराव और मच्छरों की समस्या बनी रहती थी। पार्क को लोहिया पार्क के गेट नंबर-3 के पास बनाया गया है। करीब 4000 वर्गमीटर में स्केटिंग रिंग विकसित की गई है, जबकि 4500 वर्गमीटर में अन्य खेल सुविधाएं तैयार की गई हैं। पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 7 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। यहां स्केटिंग के साथ स्पोर्ट्स एरीना भी बनाया गया है, जिसमें लॉन टेनिस, बैडमिंटन और पिकल बॉल कोर्ट शामिल हैं। स्केटिंग के लिए 2 कोच तैनात किए गए हैं और यह सुविधा आम लोगों के लिए पूरी तरह निशुल्क रहेगी। हालांकि, अन्य खेलों के लिए शुल्क तय किया गया है। बॉक्स क्रिकेट के लिए 800 रुपए प्रति घंटा और पिकल बॉल के लिए 400 रुपए प्रति घंटा देना होगा। स्पोर्ट्स एरीना का समय सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक रहेगा। फिलहाल इस पूरे परिसर का संचालन लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) द्वारा किया जाएगा। नए स्केटिंग पार्क से शहर के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी और खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply