DniNews.Live

लूट के आरोपी के पैर में लगी गोली:फर्रुखाबाद पुलिस ने 12 घंटे में पकड़े आरोपी, स्कूटी सवार दो युवकों ने की थी लूट

फर्रुखाबाद पुलिस ने लूट की एक घटना के आरोपियों को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने लूटे गए कुंडल और एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है। यह घटना गुरुवार शाम कादरी गेट थाना क्षेत्र की है। यहां एक ई-रिक्शा में सवार महिला के कानों के कुंडल स्कूटी सवार दो युवकों ने लूट लिए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की और ह्यूमन इंटेलिजेंस तथा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में पुलिस ने सौरव यादव नामक एक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में सौरव ने अपने साथी दीपक उर्फ बाबा का नाम बताया, जो घटना में शामिल था। दीपक उर्फ बाबा की तलाश शुरू की गई और उसकी लोकेशन लकूला में एक ईंट भट्ठे के पास मिली। जब पुलिस टीम ने उस क्षेत्र में घेराबंदी की, तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी, जिसमें दीपक के पैर में गोली लगी। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने 12 घंटे के भीतर घटना का सफल अनावरण किया है। आरोपी दीपक को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने लूटे गए कुंडल के साथ-साथ एक .315 बोर का अवैध तमंचा भी बरामद किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *