पीलीभीत पुलिस ने लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 25-25 हजार रुपए के दो इनामी बदमाश भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार और लूट में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। पुलिस के अनुसार, फरवरी 2026 में हुई दो लूट की घटनाओं के खुलासे में यह सफलता मिली। 20 फरवरी को पुष्पेंद्र कुमार से उनकी होंडा लीबो बाइक लूट ली गई थी और विरोध करने पर उन्हें घायल कर दिया गया था। वहीं 22 फरवरी को रवि कुमार से भी बाइक लूट ली गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने 24-25 मार्च को शाही रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर विष्णु, बड़े उर्फ डोरीलाल और सुरेंद्र को गिरफ्तार किया। विष्णु और डोरीलाल पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपियों के कब्जे से दो .315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान रास्तों और हाईवे पर अकेले जा रहे लोगों को निशाना बनाते थे। हथियारों के बल पर उन्हें रोककर मारपीट करते और मोटरसाइकिल लूट लेते थे। पकड़े जाने के डर से आरोपी लूटी गई बाइकों के पुर्जे अलग कर देते थे या उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर इस्तेमाल करते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ लूट व आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। इस गिरोह को पकड़ने में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार विश्नोई, उपनिरीक्षक राकेश कुमार गौतम, आयुष कुमार और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply