सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने अस्पताल संचालक सरफराज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अस्पताल को सील कर दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने मंगलवार दोपहर को बताया कि यह घटना 7 दिन पहले सिविल लाइंस क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में हुई थी। 28 वर्षीय रेखा नामक महिला पथरी का ऑपरेशन कराने आई थी, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका के पति जोगिंदर सिंह ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सा विभाग ने अस्पताल को सील कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल संचालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। महिला की मौत के बाद उसके परिवार में दुख का माहौल है। मृतका अपने पीछे चार साल की एक बेटी छोड़ गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। यदि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चिकित्सा लापरवाही के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply