DniNews.Live

ललितपुर में सड़कों की खराब मरम्मत पर प्रदर्शन:पेयजल पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़कों की गुणवत्ता को लेकर लोगों में आक्रोश

बुंदेलखंड विकास सेना ने ललितपुर में सड़कों की खराब मरम्मत और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की घटिया गुणवत्ता को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन रविवार को संगठन प्रमुख हरीश कपूर टीटू के नेतृत्व में किया गया। प्रदर्शनकारियों ने शहर की खस्ताहाल सड़कों और पेयजल योजना के तहत गोविंदसागर बांध से आजादपुरा होते हुए तालाबपुरा जाने वाली सड़क, साथ ही करीमनगर से वर्णी चौराहा जाने वाली सड़क पर पाइपलाइन डालने के बाद की गई मरम्मत पर गहरी चिंता व्यक्त की। आरोप है कि मरम्मत में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है। संगठन प्रमुख हरीश कपूर टीटू ने बताया कि तालाबपुरा की कंक्रीट सड़क को पाइपलाइन डालने के लिए कटर मशीन से 2-3 फुट काटने के बजाय ठेकेदार ने जेसीबी से 6-7 फुट खोद दिया। इसके कारण महीनों तक धूल उड़ती रही और बाद में मरम्मत के नाम पर बेस परत में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिससे सड़क कई जगह धंस गई है। हरीश कपूर टीटू ने कहा कि वर्णी चौराहे से करीमनगर और तालाबपुरा से तुवन चौराहे की ओर जाने वाली महत्वपूर्ण सड़कों पर धूल का गुबार उड़ रहा है। इससे नागरिकों को दमा, एलर्जी और चर्म रोग जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे रहने वाले लोगों और दुकानदारों का जीवन दूभर हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि गड्ढों के कारण कमर दर्द के रोगियों की संख्या बढ़ी है और दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। हरीश कपूर टीटू ने मांग की कि आगामी त्योहारों से पहले ललितपुर की सभी सड़कों की मरम्मत की जाए, अन्यथा बुंदेलखंड विकास सेना द्वारा और बड़े प्रदर्शन किए जाएंगे। इस धरना प्रदर्शन के दौरान राजकुमार कुशवाहा, फूलचंद रजक, खुशाल बरार,कमल विश्वकर्मा,कदीर खां, भैयन कुशवाहा,संजू राजा, रामप्रकाश झा,गफूर खां, जगदीश झा, सुरेन्द्र सेन, प्रदीप साहू, लालचंद रजक, जितेन्द्र, कामता प्रसाद भट्ट, ओमकार राजा, मथुरा प्रसाद मिश्रा प्रकाश रैकवार,मनोज सैनी , सुरेश झा आदि मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *