ललितपुर में शुक्रवार को श्री रामनवमी के अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्री रामनवमी महोत्सव समिति द्वारा आयोजित इस शोभायात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने बुलडोजर पर चढ़कर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। यह शोभायात्रा गोविंदनगर स्थित रामलीला मैदान से शुरू हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे घोड़ों पर सवार वीरांगनाएं चल रही थीं। उनके पीछे महिलाएं डीजे पर बज रहे धार्मिक गीतों पर नृत्य करती हुई चल रही थीं। युवा धर्म ध्वजा लेकर चल रहे थे, जबकि अखाड़े के सदस्य अपने करतब दिखा रहे थे। सैकड़ों लोग हाथों में तलवारें लिए हुए थे। शोभायात्रा में बाल स्वरूप भगवान राम झूले पर विराजमान थे। वहीं, एक बग्गी में भगवान राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान जी की झांकियां थीं। कई साधु-संत भी बग्गियों में सवार होकर शोभायात्रा का हिस्सा बने। शोभायात्रा गोविंदनगर से होते हुए नदीपुरा, आजाद चौक, सावरकर चौक, घंटाघर और तहसील चौराहा से गुजरी। आजाद चौक पर बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। सावरकर चौक पर भाजपा जिलाध्यक्ष हरीशचंद्र रावत सहित अन्य भाजपा नेताओं ने शोभायात्रा का अभिनंदन किया।जिलाधिकारी सत्यप्रकाश और पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक भी शोभायात्रा में शामिल रहे और सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लेते रहे। लगभग दो किलोमीटर लंबी इस शोभायात्रा में धार्मिक गीतों पर लोग उत्साहपूर्वक नृत्य करते हुए चल रहे थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में पुष्पेन्द्र राजा बुन्देला और चंद्रशेखर दुबे सहित अनेक लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देखें शोभायात्रा से जुड़ी तस्वीरें…

Leave a Reply