ललितपुर में पेट्रोल-डीजल की कमी और कीमत बढ़ने की अफवाहों के चलते पिछले दो दिनों से पंपों पर लगी भीड़ अब कम हो गई है। शुक्रवार को स्थिति सामान्य रही और पंपों पर सुचारु रूप से वितरण शुरू हो गया। पिछले दिनों अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी।
लेकिन प्रशासन की सक्रियता के बाद शुक्रवार को हालात नियंत्रण में दिखे। अधिकांश पंपों पर सामान्य तरीके से पेट्रोल और डीजल की बिक्री हुई। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक पेट्रोल पंप पर दो-दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे किसी भी तरह की अफरा-तफरी की स्थिति न बने।
किसानों के लिए विशेष व्यवस्था
प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खास व्यवस्था लागू की है। किसानों को कंटेनर या ड्रम में आधार कार्ड नंबर दर्ज कर अधिकतम 20 लीटर डीजल दिया जा रहा है, ताकि खेती-किसानी के काम प्रभावित न हों।
पंपों पर व्यवस्था बहाल
शहर के अभिलाष पेट्रोल पंप, जहां पहले भारी भीड़ देखी गई थी, वहां शुक्रवार को स्थिति सामान्य रही। भीड़ नियंत्रण के लिए लगाए गए बैरिकेड (बल्लियां) अब भी व्यवस्था बनाए रखने में सहायक हैं। गेंदा लाल पेट्रोल पंप पर भी सामान्य स्थिति रही और लोगों को बिना अधिक इंतजार के ईंधन मिल सका। पंप संचालक कैलाश अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें, ताकि सभी को सुचारु रूप से आपूर्ति मिलती रहे।

Leave a Reply