ललितपुर में तेज आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि:लोगों को गर्मी से मिली राहत, फसलों को नुकसान की आशंका
![]()
ललितपुर में तेज आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि:लोगों को गर्मी से मिली राहत, फसलों को नुकसान की आशंका
ललितपुर में शनिवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है। ललितपुर में शनिवार शाम अचानक तेज हवाओं के साथ मौसम खराब हो गया। वहीं तालबेहट और जखौरा सहित आसपास के कई गांवों में तेज बारिश के साथ बड़े-बड़े ओले गिरे। करीब 15 मिनट तक चली इस बारिश और ओलावृष्टि ने पूरे इलाके का मौसम बदल दिया। वहीं ललितपुर शहर में भी हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। ललितपुर में एक घंटे से हो रही रुक रुक कर बारिश और ओलावृष्टि से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। वहीं किसानों के चेहरे पर चिंता साफ दिखाई दी। खेतों में खड़ी फसलों को ओलों से नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। पेड़ गिरे, आवागमन प्रभावित:
तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। बाजारों में मौजूद लोग बारिश और ओलों से बचने के लिए इधर-उधर शरण लेते नजर आए। बच्चों और युवाओं ने अचानक बदले मौसम का जमकर आनंद लिया, लेकिन इस बारिश ने कुछ समय के लिए जनजीवन को अस्त-व्यस्त भी कर दिया।
तापमान में गिरावट, प्रशासन की अपील:
मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को राहत मिली। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
