ललितपुर जिले में एनएच-44 पर सोमवार सुबह एक महिला से जेवर छीनने की वारदात हुई। बाइक सवार दो बदमाशों ने आपे टैक्सी में बैठी महिला के गले से मंगलसूत्र और पैरों से पायल व करधौनी झपट्टा मारकर लूट लिए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना 30 मार्च को हुई, जब पाली कस्बे की निवासी सुमन किसी काम से ललितपुर आ रही थीं। वह आपे टैक्सी में किनारे बैठी थीं। टैक्सी जब एनएच-44 स्थित मसौरा बैरियर से गोविंद सागर बांध तिराहे के बीच एक पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी बाइक सवार दो बदमाश टैक्सी के बगल में आए और महिला के जेवर छीनकर फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ित महिला ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। पुलिस संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply