DniNews.Live

ललितपुर में गेहूं की फसल जलकर राख:हार्वेस्टर की चिंगारी से लगी आग, जिलाधिकारी के ओएसडी से मिले किसान

ललितपुर जिले के महरौनी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिंदवाहा में शनिवार दोपहर गेहूं की कई एकड़ फसल आग लगने से नष्ट हो गई। किसानों ने हार्वेस्टर से निकली चिंगारी को आग का कारण बताया है। इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। इस घटना से प्रभावित किसानों को बेटी की शादी और पति के इलाज जैसी गंभीर चिंताओं का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार शाम सिंदवाहा गांव के किसानों ने जिलाधिकारी के ओएसडी से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि दोपहर में गांव में चल रहे एक हार्वेस्टर से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास में एक किसान झुलस भी गया। पीड़ित किसान डुलीचंद्र ने जानकारी दी कि उसकी पूरी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई है।
उसकी बेटी की शादी 25 अप्रैल को होनी है और फसल नष्ट होने के कारण वह शादी के खर्च और फसल बोने के लिए लिए गए कर्ज को चुकाने को लेकर चिंतित है। एक अन्य पीड़ित महिला किसान रामरती ने बताया कि उसकी ढाई एकड़ जमीन पर बोई गई गेहूं की फसल भी आग की भेंट चढ़ गई। उसका पति लकवाग्रस्त है और उसे उम्मीद थी कि फसल बेचकर वह पति का इलाज करा पाएगी, लेकिन अब यह संभव नहीं दिख रहा। किसानों ने बताया कि मौजी, पप्पू, अजुद्दी, रामप्रसाद, प्रमोद, अरविंद, हल्काई, रामरतन चौबे और जगदीश सहित कई अन्य किसानों की फसलें भी इस आगजनी में जल गई हैं।इस संबंध में जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने बताया कि जिन किसानों की फसलें जलकर नष्ट हुई हैं, उन्हें हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *