DniNews.Live

ललितपुर में किसान की संदिग्ध मौत:परिजन ने सांप के काटने की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी

ललितपुर जिले के महरौनी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुम्हेंडी में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि खेत पर काम करते समय सांप के काटने से उनकी जान गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कुम्हेंडी निवासी 45 वर्षीय रमेश पुत्र कूरे कुशवाहा शनिवार सुबह करीब 7 बजे अपने खेत पर फसल की रखवाली करने गए थे। वह जल्दबाजी में अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे, जिससे परिवार से उनका संपर्क नहीं हो सका। दोपहर करीब 1 बजे जब उनके पुत्र बृजेश उन्हें देखने खेत की ओर गए, तो रमेश उन्हें गांव स्थित शराब ठेके के पास जमीन पर पड़े मिले। बृजेश ने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और रमेश को इलाज के लिए महरौनी अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के मौसेरे भाई शिवम कुशवाहा ने बताया कि रमेश अपने परिवार में तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके दो पुत्रियां और दो पुत्र हैं। रमेश के पास लगभग डेढ़ एकड़ जमीन थी, जिस पर खेती कर वह अपने परिवार का गुजारा करते थे। महरौनी पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *