ललितपुर में सोमवार को आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर आधारित क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम कल्याण सिंह सभागार में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की सदस्य अर्चना पटेल और अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने की। प्रशिक्षण में आपदा प्रबंधन की अवधारणाओं, विभिन्न प्रकार की आपदाओं, देश और राज्य की संवेदनशीलता पर चर्चा की गई। इसमें आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की भूमिकाओं पर भी प्रकाश डाला गया।
प्रतिभागियों को विभिन्न आपदाओं के परिचय और उनके प्रबंधन में समुदाय तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। राज्य आपदा मोचक निधि और राष्ट्रीय आपदा मोचक निधि के निर्माण प्रक्रिया एवं व्यावहारिक ज्ञान पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम के दौरान एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पांच महिला प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि और अपर जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अग्नि शमन अधिकारी तबरेज खान, सदर तहसीलदार तनवीर हुसैन, अधिशासी अभियंता सिंचाई निर्माण खंड भूपेंद्र सुहेरा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अंजना और महिला थाना प्रभारी सुनीता सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 130 स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, 65 जनपद स्तरीय अधिकारी, 35 विद्यालय प्रबंधक, जनप्रतिनिधि और अन्य स्टाफ भी शामिल हुए।

Leave a Reply