Breaking News

लखीमपुर खीरी में गैस गोदाम से 108 सिलिंडर चोरी:गैस एजेंसी से हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी


                 लखीमपुर खीरी में गैस गोदाम से 108 सिलिंडर चोरी:गैस एजेंसी से हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी

लखीमपुर खीरी में गैस गोदाम से 108 सिलिंडर चोरी:गैस एजेंसी से हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी

लखीमपुर खीरी जिले के पलिया क्षेत्र में एक गैस एजेंसी के गोदाम से 108 एलपीजी सिलिंडर चोरी हो गए। चोरों ने गोदाम की दीवार काटकर और गेट तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर गैस एजेंसी संचालक और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मोहम्मदी क्षेत्र के राजापुर बेनी गांव निवासी अमिष सिंह की पत्नी करुणा सिंह के नाम से दुधवा रोड स्थित सिंघहिया मोहल्ले में करुणा गैस एजेंसी संचालित है। इसका गोदाम मकनपुर रोड पर स्थित है। शुक्रवार रात चोरों ने इसी गोदाम को निशाना बनाया। उन्होंने पहले गोदाम की दीवार काटी और गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया। एजेंसी संचालक के अनुसार, चोरी हुए सिलिंडरों में 98 भरे हुए और 10 खाली सिलिंडर शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में सिलिंडरों को बिना किसी वाहन के ले जाना संभव नहीं है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोर किसी बड़े वाहन का इस्तेमाल कर फरार हुए। घटना की जानकारी शनिवार सुबह करीब सात बजे हुई, जब गोदाम कर्मचारी रितेश कुमार वहां पहुंचे। गोदाम की दीवार टूटी और सिलिंडर गायब देखकर उन्होंने तुरंत एजेंसी संचालक करुणा सिंह को सूचना दी। इसके बाद करुणा सिंह ने पलिया कोतवाली में पुलिस को तहरीर देकर सिलिंडरों की जल्द बरामदगी की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। गौरतलब है कि जिले में पिछले कई दिनों से एलपीजी सिलिंडरों की किल्लत बनी हुई है। उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। ऐसे में एक साथ 108 सिलिंडरों की चोरी ने इलाके में चर्चा और तेज कर दी है। एक ओर आम लोग रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर इतनी बड़ी चोरी ने पुलिस और गैस डीलरों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पलिया क्षेत्राधिकारी जितेंद्र परिहार ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Puri Khabar Yahan Padhein

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *