DniNews.Live

लखीमपुर खीरी बस-कार हादसे की जांच:मृतकों-घायलों को राहत के लिए सार्वजनिक सूचना जारी

लखीमपुर खीरी में 28 सितंबर 2025 को ओयल नहर मोड़ पर हुए बस-कार हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के लिए प्रशासन ने सार्वजनिक सूचना जारी की है। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। उप जिला मजिस्ट्रेट सदर द्वारा जारी सूचना के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 6 बजे हैदराबाद थाना क्षेत्र के ओयल नहर मोड़ पर हुई थी। इसमें गोला डिपो की रोडवेज बस (यूपी 31 टी-8792) और ओमनी कार (यूपी-32 जेएस 4961) के बीच टक्कर हो गई थी। हादसे में पिपरिया सदर खीरी निवासी सुनील कुमार (पुत्र सीताराम), नौरंगाबाद निवासी सरफराज (पुत्र सलमान) और एक अज्ञात व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी। दुर्घटना में रामलालपुरवा ईसानगर निवासी सर्वेश (पुत्र जगदम्मा), दिलखुश (पुत्र लालबाबू), निशा (पत्नी सलमान), सलमान (पुत्र महमूद अली), शारदा प्रसाद, संजय (पुत्र मायाराम) और भोला (पुत्र रंगीलाल) घायल हुए थे। मृतकों और घायलों को उत्तर प्रदेश कराधान नियमावली-1998 के तहत राहत प्रदान करने के उद्देश्य से इस मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराई जा रही है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर एक नामित जांच अधिकारी विस्तृत पड़ताल कर रहे हैं। पूर्व में जांच के लिए 27 फरवरी 2026 की तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन उस दिन कोई भी व्यक्ति उपस्थित नहीं हुआ और न ही कोई अभिलेख प्रस्तुत किए गए। अब जांच के लिए पुनः 27 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे उप जिला मजिस्ट्रेट सदर, कलेक्ट्रेट लखीमपुर खीरी के कार्यालय में तिथि तय की गई है। प्रशासन ने दुर्घटना से संबंधित सभी प्रत्यक्षदर्शियों, मृतकों के परिजनों और घायल व्यक्तियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर अपने साक्ष्य और बयान प्रस्तुत करें। इससे जांच प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी और न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *