लखीमपुर-खीरी में मितौली के चटौरा गांव की निधि वर्मा ने यूपीपीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। घोषित परिणाम में उनका चयन जिला समाज कल्याण अधिकारी के पद पर हुआ है। निधि वर्मा ने इस पद पर तीसरी रैंक हासिल की है। वह वर्ष 2022 से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। निधि के पिता पुत्तू लाल वर्मा मुरासा गांव स्थित साधन सहकारी समिति में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनमें निधि चौथे नंबर की संतान हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद, पुत्तू लाल वर्मा ने अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया। निधि ने अपनी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई लखीमपुर के कुंवर खुशवक्त राय कॉलेज से पूरी की। इसके बाद उन्होंने वाईडी कॉलेज से बीएससी की डिग्री प्राप्त की और फिर सिविल सेवा की तैयारी में जुट गईं। परिवार के अन्य सदस्य भी शिक्षा और सेवा क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। उनके बड़े भाई अरविंद प्रताप वर्मा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। उनकी एक बहन का विवाह हो चुका है, जबकि तीसरी बहन लखनऊ विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रही हैं। सबसे छोटे भाई अमरेंद्र प्रताप वर्मा लखनऊ हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं। ग्रामीणों ने निधि की सफलता पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि निधि की मेहनत और लगन क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

Leave a Reply