गर्मी की छुट्टियों में पहाड़ों का रुख करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे प्रशासन लखनऊ के रास्ते विभिन्न पर्वतीय और दूरस्थ इलाकों के लिए 57 स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया है और अगले हफ्ते तक अनुमति मिलने की संभावना जताई जा रही है। पहाड़ों के लिए आसान होगा सफर रेलवे की योजना के तहत उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत के प्रमुख शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। हर साल गर्मियों में पहाड़ों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ती है, जिससे ट्रेनों में लंबी वेटिंग लग जाती है। इस बार इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पहले से तैयारी शुरू कर दी गई है। अभी कई रूटों पर लंबी वेटिंग फिलहाल लखनऊ से देहरादून, ऋषिकेश और काठगोदाम जाने वाली ट्रेनों में वेटिंग बनी हुई है। बाघ एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, कुंभ एक्सप्रेस और काठगोदाम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल हो रहा है। वहीं, जम्मू और पूर्वोत्तर भारत के लिए जाने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। दिल्ली रूट पर मिली थोड़ी राहत, मुंबई अब भी फुल होली के दौरान शुरू हुई भारी भीड़ के बाद अब लखनऊ से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में स्थिति कुछ बेहतर हुई है। एसी एक्सप्रेस, लखनऊ मेल और वंदे भारत जैसी ट्रेनों में सीटें मिलने लगी हैं। हालांकि मुंबई रूट पर अब भी दबाव बना हुआ है। पुष्पक, कुशीनगर, अवध और गोरखपुर-एलटीटी जैसी ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट जारी है। हर वर्ग के यात्रियों के लिए होगी सुविधा रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्पेशल ट्रेनों में हर वर्ग के यात्रियों का ध्यान रखा जाएगा। इसमें जनरल, स्लीपर, थर्ड एसी, सेकेंड एसी और फर्स्ट एसी की बोगियां शामिल होंगी, ताकि सभी यात्रियों को कन्फर्म सीट मिल सके। रेगुलर ट्रेनों में भी बढ़ेंगी बोगियां सिर्फ स्पेशल ट्रेनें ही नहीं, बल्कि नियमित ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे। योजना के तहत 8 जनरल कोच 42 स्लीपर कोच 16 थर्ड एसी कोच 4-4 फर्स्ट और सेकेंड एसी कोच लगाने की तैयारी है। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अनुमति मिलते ही पटरी पर उतरेंगी ट्रेनें रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलते ही रैक की व्यवस्था कर समयसारिणी तय की जाएगी और सभी स्पेशल ट्रेनें जल्द ही चलने लगेंगी। अधिकारियों का दावा है कि इन ट्रेनों के शुरू होने के बाद वेटिंग लिस्ट काफी हद तक खत्म हो जाएगी और यात्रियों का सफर सुगम हो जाएगा।

Leave a Reply