लखनऊ में 43 गेहूं क्रय केंद्र सक्रिय:डीएम ने कहा-15 अप्रैल से लगाया जाएगा कैम्प; अब तक 170 कुंतल गेहूं की खरीद
![]()
लखनऊ में 43 गेहूं क्रय केंद्र सक्रिय:डीएम ने कहा-15 अप्रैल से लगाया जाएगा कैम्प; अब तक 170 कुंतल गेहूं की खरीद
लखनऊ में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत गेहूं खरीद को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी विशाख जी ने सोमवार को मोहनलालगंज क्षेत्र के मलौली स्थित क्रय केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों को किसी भी तरह की असुविधा न होने के निर्देश दिए।
मलौली क्रय केंद्र पर व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक
जिलाधिकारी ने पीसीएफ संस्था द्वारा संचालित बी-पैक्स मलौली गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र प्रभारी मौके पर उपस्थित मिले और केंद्र पर किसानों के बैठने तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध पाई गई।
निरीक्षण में नमी मापक यंत्र सहित सभी जरूरी उपकरण सुचारु हालत में मिले, जबकि इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी सत्यापित पाया गया। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्र पर पर्याप्त बोरे की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
जिले में अब तक 170 कुंतल गेहूं की खरीद
अधिकारियों के मुताबिक, जनपद में अब तक कुल 170 कुंतल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। वहीं पिछले वर्ष इसी केंद्र पर 22 किसानों से 541 कुंतल गेहूं खरीदा गया था।
केंद्र प्रभारी ने बताया कि अप्रैल के दूसरे सप्ताह से गेहूं की आवक में तेजी आने की संभावना है, जिससे खरीद प्रक्रिया और गति पकड़ेगी।
पिछले साल 1116 किसानों से 32 हजार कुंतल से अधिक खरीद
पिछले रबी विपणन वर्ष 2025-26 में जनपद में 1116 किसानों से 32,538.24 कुंतल गेहूं की खरीद की गई थी। इस बार भी प्रशासन ने लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सभी 43 क्रय केंद्रों को सक्रिय कर दिया है।
15 जून तक चलेगी खरीद, तय हुआ समर्थन मूल्य
जनपद में गेहूं खरीद योजना 30 मार्च 2026 से शुरू होकर 15 जून 2026 तक संचालित होगी। सभी केंद्र रोजाना सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक खुले रहेंगे।
इस वर्ष सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया है, जो पिछले साल की तुलना में 160 रुपये अधिक है। इसके अलावा किसानों को उतराई और छनाई के लिए 20 रुपये प्रति कुंतल की अतिरिक्त राशि भी सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।
फार्मर रजिस्ट्री अभियान की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने मलौली गांव में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान के कैंप का भी जायजा लिया। अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित इस कैंप में किसानों के पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा की गई।
ग्राम सचिव ने बताया कि गांव में अभी 316 फार्मर रजिस्ट्री लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शेष किसानों का डोर-टू-डोर सर्वे कर जल्द पंजीकरण पूरा कराया जाए।
15 अप्रैल तक विशेष कैंप, लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
प्रशासन ने 6 अप्रैल से 15 अप्रैल तक ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया है, ताकि सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नाम मिसमैच या अन्य तकनीकी कारणों से रुके मामलों का त्वरित समाधान कर किसानों को योजना का लाभ दिलाया जाए।
गेहूं खरीद और फार्मर रजिस्ट्री को लेकर प्रशासन की सक्रियता से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
