लखनऊ में 16 MM बारिश; 2 डिग्री गिरा पारा:रॉयल एनफील्ड के इवेंट में टेंट-कैनोपी भीगे; कॉन्सर्ट रोका, चिल्लावां मार्केट में बिजली गिरी
![]()
लखनऊ में 16 MM बारिश; 2 डिग्री गिरा पारा:रॉयल एनफील्ड के इवेंट में टेंट-कैनोपी भीगे; कॉन्सर्ट रोका, चिल्लावां मार्केट में बिजली गिरी
लखनऊ में शाम साढ़े पांच बजे के बाद बारिश हुई। गोमती नगर के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एक बाइक कंपनी के इंवेट में टेंट-कैनोपी भीग गए। लोग पानी से बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। सरोजनी नगर के चिल्लावां मार्केट में आकाशीय बिजली गिरी, जिससे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फुंक गए। बंथरा के हरौनी कस्बे में फॉल्ट से 1 घंटे बिजली गुल रही। मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ में शनिवार को 16 मिलीमीटर बारिश हुई। 1 मार्च से अभी तक कुल 19.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य से 165 फीसदी अधिक है। अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री रहा। यह सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसके चलते वार्म नाइट जैसी स्थिति बनी रही। अधिकतम आर्द्रता 68 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 31 फीसदी दर्ज की गई। बारिश की 7 तस्वीरें देखिए… बारिश की वजह से म्यूजिक कॉन्सर्ट रोका कानपुर से रैपर कृष्णा को सुनने के लिए आए कृष्णा ने बताया- बारिश ने मजा किरकिरा कर दिया। थोड़ी देर के लिए म्यूजिक कॉन्सर्ट रोका दिया गया है। अगर बारिश खत्म होगी तो फिर से शुरू किया जाएगा। तब तक दोस्तों के साथ यहीं इंतजार करूंगा। फैन बोला- बारिश ने मजा खराब किया सत्यम ने बताया-रॉयल एनफील्ड के हंटर वेरिएंट का प्रमोशनल इवेंट था। कई रैपर आए थे। खाने-पीने की भी स्टॉल लगे थे। रैप म्यूजिक का मजा ले रहे थे, लेकिन अचानक हुई बारिश से सारा मजा खराब हो गया। बंथरा में बिजली गुल, अंधेरे में डूबा गोखले मार्ग बंथरा इलाके के गहरु पावर हाउस उपकेंद्र और हरौनी फीडर में तेज हवा और बारिश से फॉल्ट आ गया। इससे इलाके की बिजली गुल हो गई। करीब एक घंटे तक बिजली कटौती हुई। इसके बाद फॉल्ट ठीक कर बिजली आपूर्ति सुचारू की गई। हजरतगंज के VVIP इलाके गोखले मार्ग पर 3 घंटे तक बिजली गुल रही। इस इलाके में जनभवन और महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय और व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं। चिल्लावां मार्केट में बिजली गिरी लखनऊ के सरोजनीनगर स्थित चिल्लावां मार्केट के पास शनिवार शाम तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से कई दुकानों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। चिल्लावां निवासी अल्ताफ की रेडीमेड गारमेंट की दुकान में पंखे, एलईडी बोर्ड, बल्ब और ट्यूबलाइट सहित कई विद्युत उपकरण जल गए। पास ही आजाद नगर निवासी परवीन की ‘न्यू पूजा बर्तन भंडार’ दुकान में भी इनवर्टर और पंखे समेत अन्य विद्युत उपकरण खराब हो गए। सुबह से यलो जोन में AQI लखनऊ में सुबह से 6 मॉनिटरिंग स्टेशनों का औसत उपाय गुणवत्ता सूचकांक (AQI) मध्यम श्रेणी के साथ यलो जोन में दर्ज किया गया है। सबसे खराब स्थिति तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र की है। यहां पर AQI का लेवल 188 रहा। अलीगंज 144, लालबाग 140, गोमतीनगर 128, अंबेडकर यूनिवर्सिटी 108 और कुकरैल का AQI 101 के साथ में मध्यम श्रेणी यलो जोन में रहा। वहीं, शुक्रवार शाम 4 बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, लखनऊ का AQI 96 के साथ में संतोष जनक श्रेणी में रहा। आंधी-बारिश से बदलेगा मौसम मौसम विभाग का कहना है कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश और आंधी का दौर शुरू हो गया है। अगले कुछ दिनों के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की गई है। आज पूरे प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चली। इस दौरान गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और बारिश हुई। 5 अप्रैल से मौसम में सुधार होना शुरू होगा। 6 अप्रैल को मौसम पूरी तरह सामान्य रहेगा। धूप निकलने से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इसके बाद 7 से 9 अप्रैल के बीच एक और नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा। इसके प्रभाव से प्रदेश में एक बार फिर आंधी-तूफान और बारिश का दौर शुरू होगा, जिससे पारे में 3 से 5 डिग्री तक की भारी गिरावट आ सकती है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
