![]()
लखनऊ में मेयर का निरीक्षण:नवरात्रि के पहले दिन सफाई देखने निकली, लोगों से किया फीडबैक
नवरात्रि के पहले दिन शहर की स्वच्छता को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने विभिन्न जोनों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, मंदिरों, नालों और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य है कि नवरात्रि जैसे पावन अवसर पर शहर स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बना रहे। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सभी श्रद्धालु बेहतर वातावरण में पर्व का आनंद ले सकें। बर्लिंग्टन चौराहे से निरीक्षण की शुरुआत निरीक्षण की शुरुआत जोन-1 स्थित बर्लिंग्टन चौराहे से की गई, जहां महापौर ने विशेष सफाई व्यवस्था को देखा। उन्होंने मुख्य मार्गों की नियमित साफ-सफाई, सुबह के समय कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा त्योहारों के दौरान अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर नगर निगम के कई अधिकारी उपस्थित रहे। महापौर ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के समय नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और शहर स्वच्छ व व्यवस्थित दिखाई देना चाहिए। ज्वाला जी मंदिर पर विशेष सफाई व्यवस्था के निर्देश जोन-8 के बारा बिरवा स्थित ज्वाला जी मंदिर के बाहर साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। महापौर ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बंगला बाजार स्थित चंद्रिका देवी मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया गया। महापौर ने मंदिर में पहुंचकर देवी का दर्शन किया। वहां उपस्थित श्रद्धालुओं एवं पुजारियों से सफाई व्यवस्था को लेकर फीडबैक भी लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में स्वच्छता, पेयजल और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए, जिससे श्रद्धालु स्वच्छ वातावरण में दर्शन कर सकें। महापौर ने नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। भद्रुक क्षेत्र में नालियों और रोड स्वीपिंग पर जोर अधिकारियों को नालियों की नियमित सफाई और रोड स्वीपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में जलभराव एवं गंदगी की समस्या उत्पन्न न हो। त्यागी विहार से गुजर रहे नाले की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। महापौर ने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि एलडीए के अंतर्गत आने वाले इस नाले की निकासी व्यवस्था एवं ढलान को ठीक कराने के लिए संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित किया जाए, जिससे जल निकासी सुचारु रूप से हो सके। साथ ही बंगला बाजार चौराहे के निकट स्थित सार्वजनिक शौचालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां अतिक्रमण पाए जाने पर उसे तत्काल हटाने के कड़े निर्देश दिए गए।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply