लखनऊ के सर्वोदय नगर स्थित लिबर्टी पार्क कुर्मांचल में शनिवार को तीन दिवसीय मुनाल महोत्सव का शुभारंभ हो गया हैं। 28 से 30 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव का उद्देश्य लुप्त होती लोक परंपराओं को संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इसमें लोक संस्कृति की विविध झलकियां देखने को मिलेंगी। महोत्सव के पहले दिन विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, अवनीश सिंह पटेल और विक्रम बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही मंच पर लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियां शुरू हो गईं। उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें भोजपुरी लोक गायक संतोष कुमार, समाजसेवी आशा शुक्ला और पूर्व सभासद मनोज अवस्थी प्रमुख थे। उन्हें अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि ने कहा कि ऐसे आयोजन कलाकारों का मनोबल बढ़ाते हैं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज ‘राम ही राम’ भजन से हुआ, जिसे यशभारती सम्मानित लोक गायिका ऋचा जोशी ने अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद दमयंती नेगी के निर्देशन में विनोद रावत, हेमा पांचाल, अनीता नेगी, अनीता सिंह, आशा देवी, राखी बिष्ट और सुनीता बिष्ट ने गढ़वाल की होली पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। फिल्मी गीतों की प्रस्तुति दी हरदोई से आए कलाकार उस्मान हैदर और अंकित सिंह ने पुराने फिल्मी गीतों की प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन किया, जिस पर दर्शक झूमते हुए नजर आए।महोत्सव में संगीत और नृत्य का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां सिद्धि दात्री सेवा समिति के नरेंद्र पांडे और मंदाकिनी बहुगुणा के निर्देशन में हार्ट एंड सोल ग्रुप के कलाकारों ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। रेनू कांडपाल, नीलम जोशी के साथ संस्कृति विभाग और सूचना विभाग के कलाकारों ने भी मंच पर प्रस्तुतियां दीं।

Leave a Reply