लखनऊ नगर निगम ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम के पास संचालित पार्किंग पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगा दिया है। यहां 21 मार्च को मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने छापा मारा था। गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर यह एक्शन लिया गया। यहां कार बाजार मिलने पर संस्था से सब-लीज करने का भी नोटिस जारी है। मेयर और नगर आयुक्त ने हजरतगंज स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में भी छापा मारा था। इस पार्किंग पर नगर निगम ने 21 मार्च को ही कब्जा ले लिया था। यहां पर इसका संचालन करने वाले ठेकादार के लोग मिले थे, जिसपर मेयर ने तुरंत परिसर खाली करने का निर्देश दिया था। फिलहाल, इस पार्किंग पर कोई जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। इसका संचालन देखने वाली संस्था के जो लोग मिले थे, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसका पूरा संचालन अब नगर निगम देख रहा है। 30 मार्च को पार्किंग का टेंडर खुलने पर इसको नया संचालक मिलेगा। नगर आयुक्त गौरव कुमार का कहना है कि शहर में जीरो टॉलरेंस पॉलिसी जारी रहेगी। कार बाजार और गंदगी पर नाराजगी जताई मेयर और नगर आयुक्त के औचक पहुंचने से हजरतगंज पार्किंग परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। निरीक्षण के दौरान सबसे पहले लिफ्ट बंद पाई गई, जिससे आम लोगों को काफी असुविधा हो रही थी। इसके अलावा पार्किंग के बेसमेंट में अवैध रूप से कार बाजार और गैराज संचालित होता मिला। पार्किंग के सभी फ्लोर पर गंदगी का अंबार देखने को मिला, जिस पर महापौर और नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी। उन्होंने अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव एवं जोनल सेनेटरी ऑफिसर कुलदीपक को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही वहां बने टॉयलेट भी बंद पाए गए, जिन्हें तुरंत खुलवाकर जनता के लिए उपयोगी बनाने के निर्देश दिए गए। मेयर ने कहा कि नागरिक सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई निरीक्षण के दौरान पार्किंग में चल रहे गैराज और कार बाजार को तत्काल प्रभाव से सील करा दिया गया। मेयर के निर्देश पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की गई। छापेमारी के दौरान मौके से लैपटॉप एवं अन्य उपकरण भी जब्त किए गए, जिससे अवैध गतिविधियों के संचालन के प्रमाण मिले हैं। 50 गाड़ी संदिग्ध मिली थी केडी सिंह बाबू स्टेडियम के सामने स्थित मल्टीलेवल पार्किंग पर भी हालात संतोषजनक नहीं पाए गए थे। पार्किंग परिसर में गंदगी फैली हुई थी और यहां भी अवैध रूप से कार बाजार और गैराज संचालित होता मिला था। पार्किंग में लंबे समय से खड़ी 50 गाड़ियों पर भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। जिसपर कार बाजार के संचालन का आरोप था। छवि खराब करने वाले लोगों पर होगा एक्शन निरीक्षण के दौरान मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा शहर की जनता जब हमें शुल्क दे रही है तो उन्हें बेहतर सुविधाएं देना हमारी जिम्मेदारी है। पार्किंग में बुजुर्गों से लेकर हर आयु वर्ग के लोग आते हैं, ऐसे में यदि लिफ्ट खराब रहेगी तो उन्हें अनावश्यक असुविधा का सामना करना पड़ेगा। हजरतगंज जैसे प्रमुख क्षेत्र में देश-विदेश से लोग आते हैं। यदि यहां की पार्किंग में गंदगी और अव्यवस्था मिलेगी तो इससे शहर की छवि भी खराब होगी। इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply