लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र के बगरिया खेड़ा इलाके में शनिवार देर रात एक मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह बेटे ने पिता को कमरे में फंदे से लटका देखा तो परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस के मुताबिक, 38 वर्षीय शयान प्रकाश मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। घटना के समय वह घर पर अकेले थे। परिजनों ने बताया कि शनिवार रात वह शराब के नशे में थे और किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह अपने कमरे में चले गए। रविवार सुबह बेटा अनुज जब उन्हें जगाने गया तो अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए। उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची दुबग्गा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिवार में पत्नी कविता, बेटा अनुज और बेटी रुचि रावत हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply