भारतीय जनता पार्टी अपने स्थापना दिवस को इस बार बड़े स्तर पर मनाने जा रही है। महानगर इकाई की बैठक में 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तय की गई। हलवासिया कोर्ट में हुई बैठक में महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों ने आयोजन की तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव बाजपेई ने बताया कि भाजपा का स्थापना दिवस हर वर्ष उत्साह के साथ मनाया जाता है और कार्यकर्ता ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। 5 से 7 अप्रैल तक कार्यालयों में सजावट और कार्यक्रम निर्णय लिया गया कि 5, 6 और 7 अप्रैल को महानगर और मंडल कार्यालयों को सजाया जाएगा। 6 अप्रैल को पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा। इसके साथ ही कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर पार्टी की विकास यात्रा पर चर्चा की जाएगी और मिष्ठान वितरण होगा। कार्यक्रम के दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि भी अर्पित की जाएगी। विधानसभा स्तर पर सम्मेलन, तीन प्रमुख विषयों पर चर्चा 8 और 9 अप्रैल को विधानसभा स्तर पर सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें तीन वक्ता अलग-अलग विषयों पर अपने विचार रखेंगे। इन विषयों में संगठन विस्तार, चुनावी सफलता में जनसमर्थन, भाजपा की राजनीति में बदलाव, सेवा भाव और अंत्योदय की अवधारणा शामिल हैं। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के कार्यों और उपलब्धियों पर भी चर्चा की जाएगी। वार्ड स्तर पर स्वच्छता और जनसंपर्क अभियान 7 से 12 अप्रैल के बीच वार्ड स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भाग लेंगे। कार्यक्रमों में सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, बुद्धिजीवियों और गणमान्य लोगों से संपर्क, तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर चर्चा शामिल होगी। लाभार्थियों से संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा।

Leave a Reply