![]()
लखनऊ में बिल बकाया होने पर 13211 कनेक्शन काटे; हंगामा:मध्य जोन पावर हाउस पहुंचे लोग, बोले- अंधेरे में कटी रात; कनेक्शन जोड़ो
लखनऊ में बुधवार को बिजली के लिए उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। दरअसल, मध्य जोन के 5140 बकायेदारों की बिजली कट गई थी। इससे हुसैनगंज, फूलबाग, नई बस्ती, मुरलीनगर, लालबाग, कैसरबाग, कैंट रोड के उपभोक्ताओं ने पावर हाउस पहुंचकर हंगामा कर दिया। कार्यालय में घुसकर अराजकता फैलाने की कोशिश की। अफसरों ने तत्काल पुलिस को बुलाया। अधीक्षण अभियंता मुकेश त्यागी ने बताया- उपद्रव के कारण करीब एक घंटे तक कामकाज ठप रहा। बिजली विभाग ने लखनऊ मध्य में 5140, अमौसी 2841, गोमती नगर 2724, जानकीपुरम में 2506 घरों के बिजली कनेक्शन काट दिए थे। लोगों ने आरोप लगाया कि बिल जमा होने के बाद भी कनेक्शन चालू नहीं हो रहे हैं। 2 तस्वीरें देखिए… गोमतीनगर में टीम टीम तैनात गोमतीनगर जोन के मुख्य अभियंता सुशील गर्ग ने बताया कि कार्यालय परिसर में एक टीम को बैठा दिया है। इस टीम में दो-दो सहायक व अवर अभियंता और दो इंटेली स्मार्ट कंपनी के तकनीकी कर्मी जिन मीटर में बिल जमा करने पर भी बत्ती नहीं आ रही, उनके घर की बिजली को चालू कराने का काम कर रहे हैं। हमारा पूरा प्रयास है कि क्षेत्र के किसी भी उपभोक्ता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्य अभियंता से भिड़े लोग जानकीपुरम जोन के पुरनिया कार्यालय पहुंचकर एक महिला ने मुख्य अभियंता वीपी सिंह के कक्ष में मीटर को प्रीपेड किए जाने पर विरोध किया और हंगामा करने लगी। महिला ने आरोप लगाया स्मार्ट मीटर लगाने वालों ने उनसे वादा किया था, उसे प्रीपेड नहीं किया जाएगा। काफी देर तक महिला ने खरीखोटी सुनाई, आक्रोशित महिला ने जमकर हंगामा काटा। कटे कनेक्शन चालू पाए, एफआईआर मध्य जोन के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह 61 कटे कनेक्शन की चेकिंग कराई गई। इनमें 42 जगहों पर बिल जमा न होने से कनेक्शन बंद मिले। मगर 3 उपभोक्ताओं के द्वारा चोरी की बिजली को जलाते हुए पाया गया। उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर कराई जा रही है। कानून का उल्लंघन करने वाले उपभोक्ताओं पर सख्त कार्रवाई होगी।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply