लखनऊ में रविवार को महिलाओं ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। लोगों ने सिपाहियों को लाठी-डंडों से पीटा। ईंट-पत्थर चलाए। महिलाओं ने सिपाहियों की वर्दी फाड़ दी। उन्हें चप्पल से मारा। सोमवार को घटना का CCTV सामने आया। मामले में 5 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है। घटना इटौंजा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव की है। हमलावर फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। घटना की 3 तस्वीरें… पुलिस का दावा- झूठी सूचना देकर बुलाया
कल्याणपुर गांव में जितेंद्र उर्फ निर्मल कनौजिया रहते हैं। पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र ने डायल-112 को सूचना दी कि कुछ लोग गांव में अवैध कब्जा करके निर्माण कार्य करा रहे हैं। सिपाही श्रवण कुमार अपने एक साथी के साथ मौके पर पहुंचे तो जानकारी झूठी निकली। लोग अपने घर के दरवाजे पर निर्माण करा रहे थे। कोई अवैध कब्जा नहीं था। इस पर पुलिसकर्मियों ने झूठी सूचना देने पर नाराजगी जताई। इस मामले में किसी भी तरह का हस्तक्षेप करने से भी मना कर दिया। इस पर जितेंद्र और उसके पक्ष के लोग भड़क गए। उन्होंने पुलिसककर्मियों पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। महिलाएं बोलीं- कई की वर्दी उतरवा चुके हैं
पुलिस के अनुसार, जितेंद्र की ओर से महिलाएं भी आ गईं। उन्होंने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की तो उनकी वर्दी फाड़ दी। ईंट-पत्थर फेंके। उन्हें चप्पल से मारा। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह से अपनी जान बचाई। महिलाओं ने कहा, हम कई पुलिसकर्मियों की वर्दी उतरवा चुके हैं, तुम लोगों की भी उतरवा देंगे। इसके बाद पुलिसकर्मी थाने पहुंचे। श्रवण कुमार ने जितेंद्र, धीरज, रामस्वरूप, निर्मल सिंह उर्फ छोटू, रामदीन और भूपेंद्र सहित अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दी। CCTV में हमला करतीं महिलाएं कैद हुईं
घटना से जुड़ा 26 सेकंड का CCTV सामने आया है। फुटेज में महिलाएं पुलिसकर्मियों को पत्थर और चप्पल से मारती दिख रही हैं। भीड़ के बीच 2-3 पुलिसकर्मी खड़े दिखाई दे रहे हैं। उन पर सामने से एक महिला चप्पल और ईंट मारती दिख रही है। एक पुरुष दोनों हाथों में मोटी लकड़ियां लेकर आता है। हालांकि, वह उन लकड़ियों को जमीन पर रख देता है। वीडियो के अंत में एक अन्य व्यक्ति भी बेंत लेकर भीड़ की तरफ बढ़ता दिख रहा है। ————— यह खबर भी पढ़िए… लखनऊ में बड़े ने की छोटे भाई की हत्या:शराब पीकर गाली दी थी, धमकी मिली तो सो रहे भाई को रॉड से पीटकर मार डाला लखनऊ में बड़े भाई ने सो रहे छोटे भाई के सिर-चेहरे पर रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। दोनों ने रात में शराब पी थी। उसके बाद झगड़ा किया। झगड़े में बड़े भाई ने मां की गाली दी। इस पर छोटे ने धमकी दी कि अगर तुम बड़े न होते तो तुमको आज मार डालता। पूरी खबर पढ़ें

Leave a Reply