लखनऊ के हजरतगंज के लालबाग बेलदारी में रहने वाली महिला से ऑनलाइन ठगों ने पार्सल का झांसा देकर 3.64 लाख रुपए ठग लिए। ठगों ने खुद को अधिकारी बताकर टैक्स जमा न करने पर जेल भेजने और परिवार को उठाने की धमकी दी, जिससे डरकर महिला किस्तों में रकम ट्रांसफर करती रही। पीड़िता अनीता कश्यप के मुताबिक 3 मार्च को उनके व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि उनके नाम से एक पार्सल आया है, जिस पर टैक्स देना होगा। पहले 13,500 रुपए और फिर 25,000 रुपए ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद ठग लगातार कॉल कर अलग-अलग रकम मांगते रहे। महिला घर पर अकेली थी, इसलिए किसी को बताए बिना पैसे भेजती रही। अगले दिन तक ठगों ने कुल 3,64,500 रुपए ट्रांसफर करा लिए। ठगों की मांग बढ़ने पर महिला ने पति को जानकारी दी, जिसके बाद साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई गई। पीड़िता ने इंडियन बैंक और एसबीआई खातों से हुए ट्रांजैक्शन की जानकारी पुलिस को दी है। हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।

Leave a Reply