जिला न्यायालय परिसर, कैसरबाग स्थित लखनऊ बार एसोसिएशन में शुक्रवार, 20 मार्च को नव निर्मित स्वामी विवेकानंद हॉल नंबर-2 और 48 नए चैंबर्स का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। शुक्रवार को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उच्च न्यायालय इलाहाबाद की लखनऊ खंडपीठ के न्यायमूर्ति राजेश सिंह चौहान रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला जज मलखान सिंह उपस्थित रहे।
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ स्वागत
न्यायमूर्ति राजेश सिंह चौहान के आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद लखनऊ बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी ने मुख्य और विशिष्ट अतिथि का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत और सम्मान किया। पूरे कार्यक्रम में गरिमामय वातावरण देखने को मिला।
अध्यक्ष और महामंत्री के नेतृत्व में हुआ आयोजन
उद्घाटन समारोह का संचालन लखनऊ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश प्रसाद तिवारी एडवोकेट और महामंत्री ब्रज भान सिंह ‘भानू’ एडवोकेट के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
नए चैंबर्स से अधिवक्ताओं को मिलेगी सुविधा
बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि नव निर्मित 48 चैंबर्स और स्वामी विवेकानंद हॉल के निर्माण से अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य सुविधाएं मिलेंगी। इससे न्यायिक कार्यों के संचालन में भी सुगमता आएगी और अधिवक्ताओं को व्यवस्थित कार्यस्थल उपलब्ध हो सकेगा।
कार्यकारिणी के पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूपेन्द्र मणि सिंह, उपाध्यक्ष सौरभ शुक्ला, सुरेन्द्र सिंह यादव, कोषाध्यक्ष अभिनेश कुमार यादव, संयुक्त मंत्री नरेन्द्र कुमार शुक्ला, आशीष राय और जितेन्द्र सिंह यादव ‘जीतू’ सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य तथा कई अधिवक्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।

Leave a Reply