लखनऊ के गुडंबा इलाके में बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टेढ़ी पुलिया फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार बुलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और वहां सो रहे एक अज्ञात मजदूर को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बुलेरो खुर्रम नगर की ओर से इंजीनियरिंग कॉलेज की तरफ जा रही थी। रात करीब 11 बजे वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और डिवाइडर पर जा चढ़ा। टक्कर के बाद मजदूर गाड़ी के नीचे कुछ दूरी तक घिसटता चला गया, जिससे उसका सिर फट गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तेज रफ्तार के कारण बुलेरो पलटने से भी बाल-बाल बची। बताया जा रहा है कि बुलेरो स्वास्थ्य विभाग के अनुबंध पर चल रही थी, जिसमें बलरामपुर के एसीएमओ अजय शुक्ला भी सवार थे। हादसे में वे सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना राहगीरों ने तुरंत 112 नंबर पर दी। पीआरवी 8085 मौके पर पहुंची और गुडंबा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही बुलेरो को जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस को उसके पास से कुछ कपड़े और सामान मिला है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक अक्सर डिवाइडर पर ही सोता था और वहीं खाना भी बनाता था। पुलिस उसकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply