लखनऊ के गोमती नगर स्थित टी.डी. गर्ल्स इंटर कॉलेज में मंगलवार को डॉ. दरबारी लाल अस्थाना ट्रस्ट द्वारा वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी डॉ. दरबारी लाल अस्थाना की पुण्यतिथि पर एक स्मृति समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। समारोह का मुख्य आकर्षण ‘जय हो’ नामक सांस्कृतिक कार्यक्रम था, जिसका निर्देशन वरिष्ठ नृत्य निर्देशिका रत्ना अस्थाना ने किया। बच्चों ने प्रेरक गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन और गणेश वंदना ‘एक दंताए’ से हुई। प्रिंसिपल को मिला डॉ. अस्थाना स्मृति सम्मान इस अवसर पर महादेव प्रसाद यादव और कॉलेज की प्रिंसिपल लक्ष्मी को डॉ. अस्थाना स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें स्मृति चिन्ह, पुष्पमाला और अंगवस्त्र भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन सुभाष वाजपेई ने किया। कार्यक्रम में डॉ. अस्थाना के पुत्र पुनीत अस्थाना ने उनके जीवन के बारे में बताया । उन्होंने बताया कि डॉ. अस्थाना का जन्म 24 जुलाई 1905 को आगरा में हुआ था। वे एक प्रखर वक्ता, समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी थे। स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान के लिए उन्हें 1972 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा ताम्रपत्र से सम्मानित किया गया था। बच्चों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में ‘सेव अर्थ’ संदेश, ‘आरंभ है प्रचंड’, ‘देश मेरे’ और ‘तेरी मिट्टी’ जैसे गीतों पर बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत किए। भगत सिंह पर कविता पाठ भी किया गया। समारोह में महादेव प्रसाद यादव ने बच्चों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने और उज्ज्वल भविष्य बनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। शुभ्रा अस्थाना ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply