लखनऊ में घर में घुसकर परिवार को पीटा:किशोरी को उठाने की कोशिश; युवक की सोने की चेन लूटी
![]()
लखनऊ में घर में घुसकर परिवार को पीटा:किशोरी को उठाने की कोशिश; युवक की सोने की चेन लूटी
लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र के निजामपुर मल्हौर स्थित देव रेजीडेन्सी में रविवार देर रात दबंगों का तांडव देखने को मिला। आरोप है कि 15-20 लोग लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर एक घर में घुस आए और जमकर मारपीट की। इस दौरान एक किशोरी को जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश भी की गई। पीड़िता नीतू मिश्रा के मुताबिक, रविवार रात करीब 10:30 बजे उनके घर के बाहर शोर-शराबा और बचाओ-बचाओ की आवाजें आ रही थीं। जैसे ही उन्होंने गेट खोला, हमलावर अचानक घर में घुस आए और हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके देवर नवनीत मिश्रा पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। पीड़िता का यह भी आरोप है कि हमलावर उनकी 12 वर्षीय बेटी को गलत नीयत से उठाकर ले जाने लगे और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। बेटी को बचाने के दौरान नीतू मिश्रा के साथ भी मारपीट और अभद्रता की गई। मामले में पड़ोसी अनुज तिवारी के साथ भी मारपीट कर गला दबाने का आरोप है। वहीं, पड़ोसन सुनीता तिवारी के साथ दुष्कर्म के प्रयास और एक अन्य महिला के साथ छेड़छाड़ की बात भी सामने आई है। पीड़िता का कहना है कि हमलावर जाते समय उनके देवर की करीब 10 ग्राम सोने की चेन भी लूट ले गए। पुलिस के मौके पर पहुंचने की सूचना मिलते ही सभी आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। पीड़िता ने नामजद आरोपियों के खिलाफ चिनहट थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
