DniNews.Live

लखनऊ में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़:घर से 40 और वाहन से 12 सिलेंडर बरामद; मुखबिर से मिली थी सूचना

लखनऊ में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मंगलवार को पूर्ति विभाग की टीम ने आलमबाग क्षेत्र में छापेमारी कर एक व्यक्ति के घर और वाहन से बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
घर और वाहन से कुल 52 सिलेंडर बरामद
पूर्ति विभाग की जांच टीम ने आलमबाग स्थित न्यू सरदारी खेड़ा इलाके में छापेमारी की। इस दौरान आरोपी सुनील कुमार के घर से 40 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
इसके अलावा वाहन संख्या UP32 CZ 0258 से 12 और घरेलू सिलेंडर बरामद हुए।
बरामद सिलेंडर इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम कंपनियों के बताए जा रहे हैं, जो घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित होते हैं।

आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
अधिकारियों का मानना है कि घरेलू सिलेंडरों का इस तरह बड़े पैमाने पर भंडारण और परिवहन कालाबाजारी और अवैध वितरण की ओर इशारा करता है।

पूर्ति विभाग की टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी आलमबाग, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी हजरतगंज/याहियागंज, पूर्ति निरीक्षक चौक और आलमबाग की टीम शामिल रही।
टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पूरे नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी है।

प्रदेशभर में चल रहा कालाबाजारी के खिलाफ अभियान
हाल के दिनों में प्रदेश में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 12 मार्च से अब तक पूरे उत्तर प्रदेश में 17,000 से ज्यादा छापेमारी और निरीक्षण किए जा चुके हैं, जिनमें कई एफआईआर दर्ज हुई हैं और गिरफ्तारियां भी की गई हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *