लखनऊ के बंथरा स्थित नीवां गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की आत्महत्या के मामले में अब बैंक कर्मियों की भूमिका सवालों के घेरे में आ गई है। मृतक रूपनारायण के बेटे कुलदीप ने आशियाना स्थित निजी बैंक के कर्मचारियों पर मानसिक उत्पीड़न और दबाव बनाने का आरोप लगाया है। कुलदीप के अनुसार, उनके पिता ने 28 नवंबर 2023 को करीब 5.30 लाख रुपए का लोन लिया था। आरोप है कि बकाया 5.18 लाख रुपए की वसूली के लिए बैंक कर्मचारी लगातार घर आकर दबाव बना रहे थे। परिवार ने मां की बीमारी का हवाला देकर समय मांगा, लेकिन राहत नहीं दी गई। उल्टा घर पर नोटिस चस्पा कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि 19 मार्च को बैंक कर्मचारी रूपनारायण की पान की दुकान पर पहुंचे और सार्वजनिक रूप से उन्हें अपमानित किया। इतना ही नहीं, मकान नीलाम करने की धमकी भी दी गई। इसी घटनाक्रम के बाद परिवार तनाव में आ गया और रूपनारायण ने पत्नी तारावती व बेटे संदीप के साथ जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। मामले ने तूल पकड़ लिया है। सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह ने भी पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा के मुताबिक, बैंक के किन कर्मचारियों ने दबाव बनाया और क्या बातचीत हुई, इसकी जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जिसके आधार पर आगे कार्रवाई होगी।

Leave a Reply